लूट और पुलिस टीम पर फायरिंग करने वाले तीन बदमाश गिरफ्तार, अवैध तमंचा बरामद
उद्यमसिंह नगर। अपराधियों के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत सितारगंज पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। लूट की घटना को अंजाम देने और पुलिस टीम पर जानलेवा फायरिंग करने वाले तीन आरोपियों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। आरोपियों के कब्जे से घटना में प्रयुक्त अवैध तमंचा भी बरामद किया गया है। मामले में एक आरोपी को पूर्व में ही गिरफ्तार कर जेल भेजा जा चुका है।
दिनांक 10 मार्च 2026 को डायल 112 पर सूचना मिली कि औदली क्षेत्र में दो युवकों ने एक व्यक्ति की गर्दन पर चाकू रखकर उसकी मोटरसाइकिल लूट ली है। सूचना मिलने पर उपनिरीक्षक ललित चौधरी पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे, जहां शिकायतकर्ता अरुण सिंह निवासी लामाखेड़ा ने बताया कि ग्राम भरौनी निवासी गुरमीत सिंह और उसके एक साथी ने उसकी गर्दन पर तलवार रखकर उसकी मोटरसाइकिल बजाज प्लेटिना संख्या यूके06बीसी9253 लूट ली और भरौनी गांव की ओर भाग गए।
सूचना पर पुलिस टीम जब गुरमीत सिंह के घर पहुंची तो वहां घर के आंगन में दो मोटरसाइकिलें खड़ी थीं और गुरमीत सिंह, उसका भाई मक्खन सिंह, पिता मोहन सिंह तथा एक अन्य व्यक्ति मौजूद थे। पुलिस को देखते ही चारों ने गाली-गलौच करते हुए धमकी दी और पुलिस टीम पर हमला कर दिया। इस दौरान गुरमीत सिंह ने अपनी कमर से तमंचा निकालकर पुलिस कर्मियों पर जान से मारने की नीयत से फायरिंग कर दी।
अचानक हुई फायरिंग से उत्पन्न जानलेवा स्थिति को देखते हुए पुलिस टीम ने आत्मरक्षा में न्यूनतम बल प्रयोग करते हुए दो राउंड फायर किए, जिसके बाद आरोपी खेतों की ओर भाग गए। पीछा करने पर पुलिस ने मौके से मोहन सिंह को पकड़ लिया और उसके घर से लूटी गई मोटरसाइकिल भी बरामद कर ली।
घटना के संबंध में शिकायतकर्ता की तहरीर पर थाना सितारगंज में लूट का मुकदमा दर्ज किया गया। साथ ही पुलिस टीम पर हमला, गाली-गलौच, धमकी और फायरिंग के मामले में भी अलग से मुकदमा पंजीकृत किया गया।
घटना की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर पुलिस अधीक्षक नगर रुद्रपुर के निर्देशन तथा क्षेत्राधिकारी के पर्यवेक्षण में आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए टीमें गठित की गईं। पुलिस टीम ने लगातार दबिश देकर तीन नामजद आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार आरोपियों में इंद्रजीत उर्फ दिलबाग उर्फ बग्गू पुत्र परमजीत सिंह निवासी भरौनी को पाटल सहित, गुरमीत सिंह पुत्र मोहन सिंह को थाना नानकमत्ता क्षेत्र के नगला रोड से तथा मक्खन सिंह पुत्र मोहन सिंह को ग्राम नलई जाने वाले रास्ते से एक 315 बोर तमंचे के साथ गिरफ्तार किया गया। बरामद तमंचे के आधार पर मामले में आर्म्स एक्ट की धारा भी बढ़ाई गई है। गुरमीत सिंह वर्तमान में उपजिला चिकित्सालय सितारगंज में उपचाराधीन है, जबकि मक्खन सिंह और इंद्रजीत को न्यायालय में पेश किया जा रहा है।
पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपियों पर पूर्व में भी मारपीट, डकैती, अवैध हथियार, गैंगस्टर एक्ट और हत्या के प्रयास जैसे कई गंभीर मामले दर्ज हैं।
पुलिस टीम में निरीक्षक सुन्दरम शर्मा, प्रभारी कोतवाली सितारगंज उपनिरीक्षक प्रकाश चन्द्र भट्ट, चौकी प्रभारी शक्तिफार्म उपनिरीक्षक जगत सिंह शाही, चौकी प्रभारी सिडकुल अपर उपनिरीक्षक राकेश रौकली,अपर उपनिरीक्षक सुरेन्द्र सिंह दानू सहित कोतवाली सितारगंज की पुलिस टीम शामिल रही।
