देहरादून। राज्य में महिला सुरक्षा और बढ़ते अपराधों को लेकर उत्तराखंड कांग्रेस की नेत्री गरिमा मेहरा दसौनी ने धामी सरकार पर कड़ा हमला बोला है। उन्होंने कहा कि नैनीताल में दिल्ली से घूमने आई एक युवती के साथ हुई घटना बेहद शर्मनाक और चिंताजनक है।
गरिमा ने कहा कि एक पर्यटक युवती को टैक्सी चालक द्वारा अगवा करने और उसके साथ दुष्कर्म का प्रयास करने की खबर उत्तराखंड की कानून व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े करती है। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड देश-विदेश में पर्यटन के लिए जाना जाता है, लेकिन यदि यहां आने वाली पर्यटक महिलाएं खुद को सुरक्षित महसूस नहीं करेंगी तो यह राज्य की छवि के लिए बड़ा खतरा है।
उन्होंने भाजपा सरकार पर कटाक्ष करते हुए कहा कि सरकार लगातार “चार साल बेमिसाल” के दावे कर रही है, जबकि हकीकत यह है कि महिलाओं की सुरक्षा के मामले में सरकार पूरी तरह विफल साबित हो रही है।
गरिमा मेहरा दसौनी ने मांग करते हुए कहा कि इस मामले की फास्ट ट्रैक जांच कर आरोपी को कड़ी से कड़ी सजा दी जानी चाहिए। साथ ही पर्यटन क्षेत्रों में टैक्सी चालकों का सत्यापन और निगरानी व्यवस्था मजबूत की जाए।
उन्होंने कहा कि महिला पर्यटकों की सुरक्षा के लिए विशेष सुरक्षा व्यवस्था और हेल्पलाइन सिस्टम को भी सुदृढ़ किया जाना आवश्यक है।
गरिमा ने कहा कि उत्तराखंड देवभूमि है और यहां आने वाली हर बहन-बेटी की सुरक्षा सुनिश्चित करना सरकार की जिम्मेदारी है। यदि सरकार इसमें विफल रहती है तो कांग्रेस सड़क से लेकर सदन तक इस मुद्दे को उठाने का काम करेगी।
