स्वतंत्रता संग्राम सेनानी भूदेव लखेड़ा की 100वीं जयंती पर नई टिहरी में श्रद्धासुमन अर्पित, पंचायतश्री सम्मान समारोह का हुआ आयोजन
नई टिहरी। स्वतंत्रता संग्राम सेनानी, प्रजामंडल सदस्य, टिहरी गढ़वाल जिला पंचायत के पूर्व अध्यक्ष एवं जिला कांग्रेस कमेटी के पूर्व अध्यक्ष भूदेव लखेड़ा की 100वीं जन्म जयंती धूमधाम से मनाई गई। जिला कांग्रेस कार्यालय नई टिहरी में आयोजित इस कार्यक्रम में प्रबुद्ध जनों ने लखेड़ा के चित्र पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धासुमन अर्पित किए। इस अवसर पर पंचायतों की दशा-दिशा पर विचार गोष्ठी का आयोजन किया गया, जिसकी अध्यक्षता कांग्रेस जिलाध्यक्ष राकेश राणा ने की तथा टिहरी जिला पंचायत के उपाध्यक्ष मान सिंह रौतेला मुख्य अतिथि रहे।
कार्यक्रम में वक्ताओं ने कहा कि भूदेव लखेड़ा ने स्वतंत्रता संग्राम में अदम्य साहस और संघर्ष से देश-प्रदेश को नई दिशा दी। स्वतंत्रता के बाद भी उन्होंने आठ वर्षों तक टिहरी जिला पंचायत अध्यक्ष के रूप में जनसेवा की और पंचायतों को सशक्त बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। वक्ताओं ने उन्हें एक महान विभूति, कुशल प्रशासक और जनता के सच्चे सेवक के रूप में याद किया।
भूदेव लखेड़ा स्मृति मंच के पूर्व सचिव शांति प्रसाद भट्ट ने बताया कि वर्ष 2006 से उनकी जयंती पर पंचायतश्री सम्मान समारोह का आयोजन किया जाता रहा है। इस बार उनकी 100वीं जयंती पर प्रतापनगर के पूर्व ब्लॉक प्रमुख प्रदीप रमोला को पंचायतश्री सम्मान से सम्मानित किया गया। गोष्ठी में पूर्व प्रमुख विजय गुनसोला, पूर्व उप प्रमुख कुलदीप पंवार, जिला पंचायत सदस्य विजयपाल रावत, एनएसयूआई जिलाध्यक्ष अरुण टम्टा, ममता उनियाल, मुन्नी बिष्ट, दर्शनी रावत सहित अनेक वक्ताओं ने अपने विचार रखे और लखेड़ा जी को शत-शत नमन किया।
इस अवसर पर बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, सामाजिक कार्यकर्ता, बुद्धिजीवी एवं कांग्रेसजन उपस्थित रहे। सभी ने एक स्वर में कहा कि भूदेव लखेड़ा जी की जीवनी नौजवानों और जनप्रतिनिधियों के लिए प्रेरणास्त्रोत है, उनकी विरासत सदैव स्मरणीय रहेगी।

