मंदिर से 20 घंटियां, तांबे का कलश व नगदी चोरी करने वाले दो आरोपी गिरफ्तार

Spread the love

नैनीताल।जनपद में चोरी की घटनाओं पर अंकुश लगाने के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत चोरगलिया पुलिस ने मंदिर में चोरी की घटना का खुलासा करते हुए दो अभियुक्तों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी की गई 20 पीतल की घंटियां, एक तांबे का कलश तथा नगदी बरामद की है।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नैनीताल मंजूनाथ टीसी के निर्देश पर चलाए जा रहे अभियान के अंतर्गत पुलिस अधीक्षक हल्द्वानी मनोज कुमार कत्याल एवं क्षेत्राधिकारी लालकुआं के पर्यवेक्षण तथा प्रभारी निरीक्षक चोरगलिया हरपाल सिंह के नेतृत्व में पुलिस टीम ने कार्रवाई की।

पुलिस के अनुसार 14 मार्च 2026 को आशीष बेलवाल पुत्र भैरव दत्त निवासी बसन्तपुर किशनपुर, थाना चोरगलिया ने मंदिर से घंटियां, कलश और दानपात्र के पैसे चोरी होने की शिकायत दर्ज कराई थी। इस संबंध में थाना चोरगलिया में मुकदमा संख्या 15/2026 धारा 305(A)/331(4) बीएनएस बनाम अज्ञात के तहत मामला दर्ज किया गया था।
घटना के अनावरण के लिए पुलिस टीम ने सक्रियता से जांच और सुरागरसी करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार अभियुक्तों की पहचान कुंवर पाल (24 वर्ष) निवासी दानीबंगर, डौलीखत्ता मार्ग, थाना चोरगलिया तथा नितिन कुमार (19 वर्ष) निवासी ठाकुरद्वारा चुंगी, काठगोदाम के रूप में हुई है।

पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से मंदिर की 20 पीतल की घंटियां, एक तांबे का कलश तथा 860 सिक्के (1, 2, 5, 10 और 20 रुपये के) और 10 रुपये के 4 तथा 20 रुपये के 2 नोट बरामद किए हैं। कुल बरामद नकदी 1580 रुपये बताई गई है। बरामदगी के आधार पर मामले में धारा 317(2) बीएनएस की बढ़ोतरी की गई है।

पुलिस के अनुसार गिरफ्तार अभियुक्तों में से एक के खिलाफ पूर्व में भी हल्द्वानी, मुखानी और काठगोदाम थानों में चोरी से संबंधित कई मामले दर्ज हैं। दोनों आरोपियों को न्यायालय में पेश किया जा रहा है।

कार्रवाई करने वाली पुलिस टीम में उपनिरीक्षक निधि शर्मा, अपर उपनिरीक्षक तालिब हुसैन, कांस्टेबल उत्तम सिंह, कांस्टेबल भारत भूषण और कांस्टेबल शैलेन्द्र सिंह शामिल रहे।

देवभूमि खबर

Related articles