ऊधमसिंहनगर: जमीन विवाद में हत्या का खुलासा, 2 अभियुक्त गिरफ्तार, नाबालिग संरक्षण में

ऊधमसिंहनगर। जनपद पुलिस ने गदरपुर क्षेत्र में जमीन विवाद को लेकर हुई जघन्य हत्या का त्वरित खुलासा करते हुए दो नामजद अभियुक्तों को गिरफ्तार किया है, जबकि एक विधि विवादित किशोर को संरक्षण में लिया गया है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अजय गणपति के निर्देश पर की गई इस कार्रवाई में घटना में प्रयुक्त लाइसेंसी रिवॉल्वर और कारतूस भी बरामद किए गए हैं।
पुलिस के अनुसार, 30 मार्च को वादी उर्मिला सिंह निवासी ग्राम बकैनिया ने कोतवाली गदरपुर में तहरीर देकर बताया कि 29 मार्च को उनके पति सर्वेश्वर सिंह की जमीन विवाद के चलते सर्वजीत सिंह, रविशंकर उर्फ गुड्डू और अन्य आरोपियों ने घर के बाहर गोली मारकर हत्या कर दी। तहरीर के आधार पर पुलिस ने संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की।
घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस टीम का गठन किया गया और सीसीटीवी फुटेज, मोबाइल सर्विलांस तथा मुखबिर तंत्र की मदद से आरोपियों की पहचान और लोकेशन ट्रैक की गई। इसके बाद पुलिस ने सुनियोजित कार्रवाई करते हुए सकैनिया क्षेत्र के कुईखेड़ी तिराहे के पास से दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस ने अभियुक्तों के कब्जे से एक लाइसेंसी .32 बोर रिवॉल्वर, एक खोखा कारतूस और पांच जिंदा कारतूस बरामद किए हैं। गिरफ्तार अभियुक्तों की पहचान सर्वजीत सिंह (45 वर्ष) और रविशंकर उर्फ गुड्डू (46 वर्ष) निवासी ग्राम बकैनिया के रूप में हुई है। एक नाबालिग को भी नियमानुसार संरक्षण में लेकर किशोर न्यायालय में प्रस्तुत किया जा रहा है।
पुलिस ने दोनों अभियुक्तों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता एवं आर्म्स एक्ट के तहत कार्रवाई करते हुए न्यायालय में पेश किया है। मामले में अन्य आरोपियों की तलाश जारी है और पुलिस उनके आपराधिक इतिहास की भी जांच कर रही है।

