UKSSSC स्नातक स्तरीय परीक्षा प्रश्नपत्र लीक प्रकरण में SIT की बड़ी कार्रवाई – मुख्य अभियुक्ता साबिया गिरफ्तार
देहरादून।दिनांक 21 सितंबर 2025 को सोशल मीडिया पर UKSSSC द्वारा आयोजित स्नातक स्तरीय परीक्षा से संबंधित कुछ प्रश्नपत्र के पन्ने वायरल होने की सूचना पर वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक देहरादून द्वारा तत्काल SIT का गठन किया गया। साथ ही UKSSSC की ओर से भी इस मामले में एक प्रार्थना पत्र प्रस्तुत किया गया था।
SIT की प्रारंभिक जांच के आधार पर थाना रायपुर पर मुकदमा अपराध संख्या 301/25 धारा 11(1), 11(2), 12(2) भर्ती में अनुचित साधनों की रोकथाम व निवारण के उपाय अध्यादेश 2023 के अंतर्गत अभियोग पंजीकृत किया गया। इस मामले की विवेचना वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने पुलिस अधीक्षक ग्रामीण श्रीमती जय बलूनी को सौंपी।
पुलिस अधीक्षक द्वारा घटनाक्रम की कड़ियों को जोड़ते हुए गवाहों के बयान दर्ज किए गए तथा हरिद्वार जाकर आदर्श बाल सदन इंटर कॉलेज, बहादुरपुर जट थाना पथरी का निरीक्षण किया गया। परीक्षा केंद्र के प्रिंसिपल, कक्ष निरीक्षकों और अन्य गवाहों से गहन पूछताछ भी की गई।
अब तक की विवेचना में घटनास्थल निरीक्षण, गवाहों के बयान, साइबर व सर्विलांस से एकत्रित साक्ष्यों के आधार पर मुकदमे की मुख्य अभियुक्ता साबिया पुत्री शहजाद निवासी सुल्तानपुर, आदमपुर थाना लक्सर जिला हरिद्वार (उम्र 35 वर्ष) को गिरफ्तार किया गया।
जांच में पाया गया कि अभियुक्ता ने परीक्षा केंद्र से प्रश्नपत्र की तीन फोटो खींचकर असिस्टेंट प्रोफेसर सुमन को व्हाट्सएप के जरिए भेजीं और उत्तर प्राप्त किए। नकल करने और कराए जाने के पर्याप्त साक्ष्य अभियुक्ता के विरुद्ध मिले, जिसके आधार पर उसकी गिरफ्तारी की गई।
पुलिस का कहना है कि इस प्रकरण में गहन विवेचना जारी है तथा तकनीकी साक्ष्यों और सर्विलांस के आधार पर अन्य मुख्य अभियुक्तों की जल्द गिरफ्तारी सुनिश्चित की जाएगी।

