जिलाधिकारी पिथौरागढ़  की अनूठी पहल निर्विरोध निर्वाचित ग्राम प्रधानों को किया सम्मानित

जिलाधिकारी पिथौरागढ़  की अनूठी पहल निर्विरोध निर्वाचित ग्राम प्रधानों को किया सम्मानित
Spread the love

पिथौरागढ़। जनपद पिथौरागढ़ में आज एक अनूठी पहल के तहत निर्विरोध निर्वाचित ग्राम प्रधानों का सम्मान एवं संवाद कार्यक्रम आयोजित हुआ। जिला पंचायत सभागार में हुए इस आयोजन में जिले की 82 ग्राम पंचायतों में निर्विरोध चुने गए प्रधानों में से 72 प्रधान उपस्थित रहे।

जिलाधिकारी विनोद गोस्वामी ने दीप प्रज्वलित कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया। इस दौरान उन्होंने मुनाकोट विकासखण्ड के ग्राम सिरड़ की प्रधान पूजा कापड़ी (सबसे युवा), मुनस्यारी विकासखण्ड के ग्राम दरकोट के प्रधान मनोहर सिंह (सबसे बुजुर्ग) और ग्राम लास्पा की प्रधान कविता (सबसे दूरस्थ ग्राम) को विशेष रूप से सम्मानित किया।

अपने संबोधन में जिलाधिकारी गोस्वामी ने कहा— “निर्विरोध निर्वाचित प्रतिनिधि समाज में आपसी भाईचारे और सहयोग की मिसाल हैं। पंचायत स्तर पर सामाजिक सद्भाव एवं विकास की गति को बढ़ाने में उनकी भूमिका अहम है। प्रशासन चाहता है कि इनके अनुभवों और सुझावों को सुनकर योजनाओं को धरातल पर और प्रभावी ढंग से लागू किया जाए।” उन्होंने ग्राम प्रधानों को ग्रामवासियों की अपेक्षाओं पर खरा उतरने और गांव के विकास में सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया।

मुख्य विकास अधिकारी डॉ. दीपक सैनी ने इस पहल को अद्वितीय बताते हुए कहा कि यह न केवल राज्य, बल्कि पूरे देश में सुशासन और जनभागीदारी की दिशा में मिसाल बनेगी। प्रधानों ने भी इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि यह कार्यक्रम उन्हें प्रेरित करता है और उनकी जिम्मेदारी को और अधिक महत्वपूर्ण बनाता है।

जिलाधिकारी ने प्रधानों से अपने-अपने ग्राम की आवश्यक सुविधाओं की प्राथमिकताएँ प्रशासन को उपलब्ध कराने का आग्रह किया। संवाद के बाद सभी जनप्रतिनिधियों को कलेक्ट्रेट परिसर, विकास भवन और पुलिस अधीक्षक कार्यालय का भ्रमण कराया गया। उन्होंने कहा— “ये भवन आपकी जनभागीदारी के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण हैं और भविष्य में कई बार आपको यहां आना होगा। प्रशासन सदैव आपके साथ है।”

इस अभिनव पहल से जिला प्रशासन और ग्राम पंचायतों के बीच सहयोग और समन्वय की नई दिशा तय होगी तथा गांवों के सर्वांगीण विकास की राह और अधिक सुदृढ़ होगी

इस अवसर पर मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. नबियाल*, मुख्य कृषि अधिकारी अमरेन्द्र चौधरी, मुख्य शिक्षा अधिकारी हरक राम कोहली, उपजिलाधिकारी मुनस्यारी वैभव काण्डपाल, उपजिलाधिकारी बेरीनाग आशीष जोशी, जिला पंचायती राज अधिकारी हरीश आर्या सहित विभिन्न विभागों के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।

देवभूमि खबर

Related articles