उत्तराखंड नर्सिंग महासंघ सक्रिय, भर्ती प्रक्रिया में सुधार को लेकर सौंपा ज्ञापन
देहरादून।उत्तराखंड में नर्सिंग भर्ती प्रक्रिया को लेकर लंबे समय से जारी असंतोष के बीच नर्सिंग महासंघ ने सोमवार को विधायक खजान दास से मुलाकात कर भर्ती में पारदर्शिता और सीनियरिटी आधारित नियुक्तियों की मांग उठाई। महासंघ ने इसके लिए विधायक को एक ज्ञापन भी सौंपा और राज्यभर में 1000 नए पद सृजित करने की आवश्यकता पर जोर दिया।
महासंघ के पदाधिकारियों ने कहा कि वर्तमान भर्ती प्रक्रिया में देरी और अस्पष्टता के कारण योग्य अभ्यर्थी वर्षों से प्रतीक्षा कर रहे हैं। उन्होंने स्पष्ट किया कि अगर नियुक्तियां सीनियरिटी के आधार पर की जाएं तो इससे अनुभवी और पात्र नर्सों को न्याय मिलेगा, साथ ही राज्य की स्वास्थ्य सेवाएं भी सुदृढ़ होंगी।
विधायक खजान दास ने प्रतिनिधिमंडल की मांगों को गंभीरता से सुनते हुए भरोसा दिलाया कि वे इन मुद्दों को उचित मंचों पर जोर-शोर से उठाएंगे। उन्होंने यह भी कहा कि राज्य सरकार को वर्षवार भर्ती प्रक्रिया लागू करनी चाहिए, जिससे समय पर योग्य अभ्यर्थियों को अवसर मिल सकें और भर्ती प्रक्रिया में पारदर्शिता बनी रहे।
इस अवसर पर महासंघ के प्रदेश अध्यक्ष नवल पुंडीर, प्रवक्ता राजेंद्र कुकरेती, प्रदेश मीडिया प्रभारी प्रवेश रावत, सदस्य अखिलेश सेमवाल सहित कई पदाधिकारी उपस्थित रहे।
