
हल्द्वानी।जनपद में अपराध नियंत्रण तथा चोरी की घटनाओं के खुलासे के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत हल्द्वानी पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने एक शातिर अंतर्राज्यीय चोर को चोरी की मोटरसाइकिल, मोबाइल फोन और अवैध असलहे के साथ गिरफ्तार किया है।
पुलिस के अनुसार दिनांक 10 मार्च 2026 को वादी प्रकाश कविदयाल निवासी हीरानगर ने घर के सामने से उनकी पल्सर मोटरसाइकिल (यूके 04 के 6143) चोरी होने की रिपोर्ट दर्ज कराई थी, जिस पर प्राथमिकी संख्या 79/26 धारा 303(2) बीएनएस के तहत मुकदमा पंजीकृत किया गया। वहीं 11 मार्च 2026 को वादी सुमित मार निवासी राजपुरा ने दुकान से चार मोबाइल फोन चोरी होने की शिकायत दर्ज कराई, जिस पर प्राथमिकी संख्या 82/26 धारा 305(ए) बीएनएस के तहत मामला दर्ज किया गया।
मामले की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर पुलिस अधीक्षक हल्द्वानी मनोज कुमार कत्याल द्वारा क्षेत्राधिकारी हल्द्वानी अमित कुमार सैनी के पर्यवेक्षण तथा प्रभारी निरीक्षक हल्द्वानी विजय सिंह मेहता के नेतृत्व में पुलिस टीम गठित की गई। टीम ने सीसीटीवी फुटेज का अवलोकन और सुरागरसी के आधार पर कार्रवाई करते हुए अभियुक्त कवि बिष्ट को गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार अभियुक्त कवि बिष्ट पुत्र कुन्दन सिंह, उम्र 33 वर्ष, निवासी गोलू माजरा डेरावसी, थाना डेरावसी, मोहाली (चंडीगढ़) के कब्जे से चोरी की एक पल्सर मोटरसाइकिल (यूके 04 के 6143), चार मोबाइल फोन (तीन वीवो और एक सैमसंग) कवर व हेडफोन सहित बरामद किए गए। इसके अलावा अभियुक्त के पास से एक देशी पिस्टल 32 बोर और दो जिंदा कारतूस भी बरामद हुए।
गिरफ्तारी के दौरान अवैध हथियार मिलने पर अभियुक्त के विरुद्ध थाना हल्द्वानी में धारा 3/25 आर्म्स एक्ट के तहत एक अन्य मुकदमा (प्राथमिकी संख्या 83/26) भी दर्ज किया गया है।
पुलिस जांच में सामने आया है कि अभियुक्त एक शातिर और पेशेवर अपराधी है, जिसके विरुद्ध उत्तराखंड के अलावा चंडीगढ़ और हरियाणा के पंचकुला क्षेत्र के विभिन्न थानों में चोरी, लूट और झपटमारी के 14 से अधिक मुकदमे दर्ज हैं।
पुलिस टीम में उपनिरीक्षक मनोज कुमार, उपनिरीक्षक कृपाल सिंह, हेड कांस्टेबल मनोज कुमार तथा कांस्टेबल दिनेश नगरकोटी शामिल रहे।

