सतर्कता टीम की कार्रवाई, वन विभाग का कर्मचारी 25,500 रुपये की रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार

सतर्कता टीम की कार्रवाई, वन विभाग का कर्मचारी 25,500 रुपये की रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार
Spread the love

देहरादून।सतर्कता अधिष्ठान सेक्टर नैनीताल (हल्द्वानी) की टीम ने भ्रष्टाचार के खिलाफ कार्रवाई करते हुए वन विभाग के एक कर्मचारी को रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार किया है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, थाना सतर्कता अधिष्ठान में दर्ज मु०अ०सं०-03/2026, धारा 07 भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम 1988 (संशोधित 2018) के तहत अभियुक्त नवीन नौटियाल, जो वन क्षेत्राधिकारी कार्यालय जागेश्वर में बाबू/फॉरेस्टर के पद पर तैनात है, को 25,500 रुपये की रिश्वत लेते हुए पकड़ा गया।

शिकायतकर्ता जय प्रकाश ने आरोप लगाया था कि लीसा गडान-ढुलान कार्य के लिए वर्ष 2026 का पंजीकरण नवीनीकरण तथा लंबित बिलों के भुगतान के एवज में आरोपी द्वारा रिश्वत की मांग की जा रही थी। शिकायत के सत्यापन के बाद सतर्कता टीम ने जाल बिछाकर आरोपी को रंगे हाथ गिरफ्तार किया।

इस मामले में वन क्षेत्राधिकारी (रेंजर) जागेश्वर, आशुतोष जोशी को भी सह-अभियुक्त बनाया गया है। उनके विरुद्ध नियमानुसार वैधानिक कार्रवाई की प्रक्रिया जारी है।

सतर्कता विभाग ने स्पष्ट किया है कि भ्रष्टाचार के मामलों में जीरो टॉलरेंस की नीति अपनाई जा रही है और दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।

देवभूमि खबर

Related articles