गांधी पार्क में कैंटीन निर्माण को लेकर सैर करने वालों ने जताया रोष
देहरादून। गांधी पार्क में कैंटीन निर्माण के लिए हरी घास और पेड़ों के कटान को लेकर नियमित सैर करने वालों ने कड़ा विरोध जताया है। स्थानीय नागरिकों का कहना है कि पार्क का सौंदर्यीकरण सराहनीय है और महीनों से खराब पड़ा जिम नगर निगम द्वारा ठीक कराए जाने से हज़ारों लोग लाभान्वित हो रहे हैं। इसके साथ ही पैदल पथ के किनारे हेज और फूल-पौधों की व्यवस्था से भी लोग संतुष्ट हैं।
लेकिन कैंटीन निर्माण के लिए हरी घास और पेड़ों को काटने की तैयारी ने लोगों को निराश किया है। उनका कहना है कि इस कदम से न केवल पार्क की हरियाली नष्ट होगी बल्कि भविष्य में यहाँ गंदगी और असामाजिक गतिविधियों की संभावना भी बढ़ जाएगी।
स्थानीय पर्यावरण प्रेमियों और सैर करने वालों ने महापौर से इस कार्य को तुरंत रोकने की अपील की है। चेतावनी दी गई है कि यदि निर्माण कार्य नहीं रुका तो देहरादून के पर्यावरण प्रेमी निगम के खिलाफ विरोध प्रदर्शन करेंगे।
विरोध जताने वालों में जगमोहन मेंदीरत्ता, अशोक अग्रवाल, यशपाल आनंद, नरेश चंडोक, महेश नरूला, अशोक जॉली, राजकुमार, राजेश कुमार समेत कई नागरिक शामिल हैं।
