उत्तराखंड के 200 विद्यालयों में व्यावसायिक शिक्षा जारी, नए सत्र से 544 और स्कूलों में विस्तार
देहरादून। उत्तराखंड में व्यावसायिक शिक्षा को बढ़ावा देते हुए प्रदेश के 200 विद्यालयों में यह कार्यक्रम निर्बाध रूप से संचालित किया जाएगा। इसके साथ ही आगामी शिक्षा सत्र 2026-27 से 544 अतिरिक्त विद्यालयों में भी पारंपरिक विषयों के साथ व्यावसायिक शिक्षा शुरू की जाएगी।
विद्यालयी शिक्षा मंत्री डॉ. धन सिंह रावत ने बताया कि वर्तमान में संचालित 200 विद्यालयों में व्यावसायिक शिक्षा कार्यक्रम को किसी भी स्थिति में बाधित नहीं होने दिया जाएगा। टेंडर प्रक्रिया में देरी को लेकर उन्होंने विभागीय अधिकारियों को कड़ी फटकार लगाई और निर्देश दिए कि नई टेंडर प्रक्रिया पूरी होने तक पूर्व में अनुबंधित संस्थाएं ही कार्यक्रम का संचालन जारी रखें।
मंत्री ने स्पष्ट किया कि इससे शिक्षण कार्य की निरंतरता बनी रहेगी और छात्रों के कौशल विकास पर कोई प्रतिकूल प्रभाव नहीं पड़ेगा। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि नए शिक्षा सत्र के लिए निजी संस्थानों के साथ अनुबंध की प्रक्रिया शीघ्र पूर्ण की जाए तथा टेंडर प्रक्रिया में पारदर्शिता और गुणवत्ता सुनिश्चित की जाए।
डॉ. रावत ने विद्यालय स्तर पर योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन और नियमित मॉनिटरिंग पर भी जोर दिया।
शिक्षा मंत्री ने बताया कि समग्र शिक्षा के अंतर्गत 544 नए विद्यालयों में व्यावसायिक शिक्षा कार्यक्रम को भारत सरकार की स्वीकृति मिल चुकी है। इन विद्यालयों में छात्रों को एग्रीकल्चर, ऑटोमोटिव, ब्यूटी एंड वेलनेस, इलेक्ट्रॉनिक्स एंड हार्डवेयर, आईटी, प्लंबिंग, रिटेल तथा टूरिज्म व हॉस्पिटैलिटी जैसे 8 क्षेत्रों में प्रशिक्षण दिया जाएगा। इसका उद्देश्य युवाओं को रोजगारोन्मुखी शिक्षा प्रदान कर उन्हें भविष्य के बेहतर अवसरों के लिए तैयार करना है।

