उत्तराखंड में सोमवार से शुरू होगा मतदाता गणना फॉर्म वितरण अभियान, 15 सितंबर को प्रकाशित होगी अंतिम मतदाता सूची

देहरादून। उत्तराखण्ड में विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) कार्यक्रम के तहत सोमवार से प्रदेश के सभी मतदाताओं को गणना फॉर्म वितरित करने का कार्य शुरू किया जाएगा। मुख्य निर्वाचन अधिकारी डॉ. बी.वी.आर.सी. पुरुषोत्तम ने सभी मतदाताओं से बूथ लेवल अधिकारियों (BLO) को सहयोग करने की अपील की है।
मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि प्रदेश के सभी 11,733 BLO को गणना फॉर्म उपलब्ध करा दिए गए हैं। अभियान के अंतर्गत प्रत्येक मतदाता तक गणना फॉर्म पहुंचाया जाएगा। आगामी 7 जुलाई तक BLO घर-घर जाकर फॉर्म एकत्र करेंगे तथा BLO App के माध्यम से उनका डिजिटलीकरण किया जाएगा।
उन्होंने बताया कि जो मतदाता नौकरी या अन्य कारणों से दिन में घर पर उपलब्ध नहीं रहते हैं, वे “Book a Call with BLO” सुविधा का उपयोग कर अपने BLO से संपर्क कर सकते हैं। इसके लिए मतदाता वोटर सेवा पोर्टल या ECI-Net मोबाइल एप के माध्यम से कॉल बुक कर सकते हैं। कॉल बुक होने के दो दिनों के भीतर BLO संबंधित मतदाता से संपर्क करेंगे।
यदि किसी मतदाता के घर पर BLO के भ्रमण के दौरान कोई उपलब्ध नहीं मिलता है तो BLO तीन बार घर का दौरा करेंगे। साथ ही घर पर एक स्टीकर चस्पा कर अगले भ्रमण की तिथि और अपना मोबाइल नंबर अंकित करेंगे, ताकि मतदाता सुविधानुसार संपर्क कर गणना फॉर्म भर सकें।
मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने मतदाताओं से नवीनतम पासपोर्ट साइज फोटो भी गणना फॉर्म के साथ उपलब्ध कराने का अनुरोध किया है। उन्होंने बताया कि 14 जुलाई 2026 को मतदाता सूची के प्रारूप (ड्राफ्ट रोल) का प्रकाशन किया जाएगा। इसके बाद 14 जुलाई से 13 अगस्त तक दावे और आपत्तियां प्राप्त की जाएंगी, जबकि 14 जुलाई से 11 सितंबर तक उनके निस्तारण की प्रक्रिया चलेगी। आयोग के निर्देशानुसार 15 सितंबर 2026 को अंतिम मतदाता सूची प्रकाशित की जाएगी।
अपर मुख्य निर्वाचन अधिकारी डॉ. विजय कुमार जोगदण्डे ने बताया कि मतदाता स्वयं भी ECI-Net एप के माध्यम से गणना फॉर्म डाउनलोड कर भरने के बाद ऑनलाइन अपलोड कर सकते हैं। साथ ही जो पात्र नागरिक मतदाता सूची में अपना नाम दर्ज कराना चाहते हैं, वे BLO से संपर्क कर फॉर्म-6 भर सकते हैं। उनके आवेदन पर दावे एवं आपत्तियों के निस्तारण के दौरान विचार किया जाएगा।

