यूसीसी पर आमजन को जागरूक करने के लिए युवाओं ने संभाला मोर्चा, दून पुलिस ने निकाली भव्य जागरूकता रैली
देहरादून में। ग्राफिक एरा और डीआईटी यूनिवर्सिटी के सहयोग से दून पुलिस द्वारा यूनिफॉर्म सिविल कोड (UCC) पर आमजन को जागरूक करने के उद्देश्य से विशाल जागरूकता रैली का आयोजन किया गया। रैली में करीब 2000 छात्र-छात्राओं ने पोस्टर, बैनर और स्लोगन के माध्यम से ‘वन नेशन वन कोड’ का समर्थन करते हुए जनता को यूसीसी के महत्व से अवगत कराया।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक, देहरादून ने रैली में उपस्थित युवाओं को संबोधित करते हुए कहा कि यूसीसी समाज के सभी वर्गों के हितों का संरक्षण करता है और सभी को एक समान अधिकार प्रदान करता है। उन्होंने युवा वर्ग द्वारा यूसीसी के प्रति व्यक्तिगत रुचि दिखाने और इसे आमजन तक पहुंचाने के प्रयासों की सराहना की।
जागरूकता रैली परेड ग्राउंड से शुरू होकर दर्शनलाल चौक, घंटाघर होते हुए रिजर्व ग्राउंड में समाप्त हुई। इस दौरान छात्र-छात्राओं ने यूसीसी को कानूनी एकरूपता और सामाजिक न्याय को बढ़ावा देने वाला कानून बताते हुए नागरिक कानूनों में समानता और निष्पक्षता सुनिश्चित करने की आवश्यकता पर बल दिया।
रैली के दौरान पुलिस अधिकारियों ने छात्र-छात्राओं को यातायात नियमों के पालन की अहमियत समझाई और सड़क दुर्घटना में घायलों की सहायता के लिए आगे आने के लिए प्रेरित किया। इसके अलावा, बढ़ती नशे की प्रवृत्ति पर अंकुश लगाने के लिए युवाओं से नशे के खिलाफ चल रहे अभियानों में सक्रिय भागीदारी निभाने का आह्वान किया गया।
इस जागरूकता रैली में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक, देहरादून, पुलिस अधीक्षक (नगर/यातायात), क्षेत्राधिकारी (प्रेमनगर/लाइन/यातायात) सहित कई पुलिस अधिकारी और ग्राफिक एरा व डीआईटी के लगभग 2000 छात्र-छात्राएं शामिल हुए।
