युवा ही राष्ट्र निर्माण की असली ताकत : मुख्यमंत्री

युवा ही राष्ट्र निर्माण की असली ताकत : मुख्यमंत्री
Spread the love

देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने शनिवार को डीएवी पीजी कॉलेज में आयोजित छात्रसंघ समारोह में प्रतिभाग करते हुए युवाओं को राष्ट्र निर्माण की मुख्य शक्ति बताया। उन्होंने कहा कि युवा केवल देश का भविष्य ही नहीं बल्कि वर्तमान भी हैं और उनकी ऊर्जा, संकल्प तथा नवाचार की सोच भारत के विकास की दिशा तय करती है।

मुख्यमंत्री ने छात्र राजनीति को नेतृत्व विकास, संगठन क्षमता और सामाजिक उत्तरदायित्व का सशक्त माध्यम बताते हुए युवाओं से सकारात्मक भूमिका निभाने का आह्वान किया। उन्होंने अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद जैसे संगठनों का उल्लेख करते हुए कहा कि इनके माध्यम से युवाओं में राष्ट्र सेवा, चरित्र निर्माण और सामाजिक चेतना का विकास होता है। साथ ही स्वामी दयानंद सरस्वती के आदर्शों को याद करते हुए शिक्षा को चरित्र और राष्ट्र निर्माण से जोड़ने पर जोर दिया।

उन्होंने कहा कि नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में ‘मेक इन इंडिया’, ‘डिजिटल इंडिया’, ‘स्टार्टअप इंडिया’ और ‘स्किल इंडिया’ जैसी योजनाएं युवाओं को आत्मनिर्भर बना रही हैं। राज्य सरकार भी उत्तराखण्ड को शिक्षा और नवाचार के क्षेत्र में अग्रणी बनाने के लिए नई शिक्षा नीति के तहत आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस और मशीन लर्निंग जैसे आधुनिक पाठ्यक्रमों को बढ़ावा दे रही है।

मुख्यमंत्री ने बताया कि राज्य में उच्च शिक्षा के क्षेत्र में आधारभूत ढांचे को मजबूत किया जा रहा है। 9 नए महाविद्यालयों की स्थापना, 20 मॉडल कॉलेजों का निर्माण, महिला छात्रावास, आईटी लैब और परीक्षा भवनों का निर्माण कार्य जारी है। साथ ही शिक्षकों की कमी को दूर करने के लिए नई भर्तियां भी की जा रही हैं।

उन्होंने कहा कि युवाओं के हितों की रक्षा के लिए सख्त नकल विरोधी कानून लागू किया गया है, जिसके सकारात्मक परिणाम सामने आए हैं। पिछले चार वर्षों में 30 हजार से अधिक युवाओं को सरकारी नौकरियां मिली हैं।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने कॉलेज के अटल बिहारी वाजपेयी स्मृति शैक्षणिक ब्लॉक की छत पर दो अतिरिक्त तल के निर्माण की घोषणा भी की। कार्यक्रम में कैबिनेट मंत्री खजान दास सहित अन्य जनप्रतिनिधि, प्राचार्य और छात्रसंघ पदाधिकारी मौजूद रहे।

देवभूमि खबर

Related articles