चमोली जिले के विभिन्न क्षेत्रों में 15 आधार कार्ड सेंटर स्थापित
चमोली।आधार कार्ड बनाने के लिए अब लोगों को परेशान नही होना पडेगा। लोगों की सुविधा के लिए जिलाधिकारी स्वाति एस भदौरिया के निर्देशों पर जिले के विभिन्न क्षेत्रों में 15 आधार कार्ड सेंटर स्थापित कराए जा चुके है, जिनमें आधार कार्ड बनाने के लिए सभी उपकरण उपलब्ध कराए गए है और कर्मचारियों को प्रशिक्षित भी किया गया है। कोई भी व्यक्ति अपने नजदीकी सेंटर में अपने आवश्यक दस्तावेजों के साथ आधार कार्ड बनवा सकते है या अपने आधार कार्ड में आवश्यक संशोधन करा सकते है। इससे पूर्व जिले में आधार कार्ड बनाने के लिए केवल 4 सेंटर ही संचालित थे, जिससे लोगों को खासी परेशानी का सामना करना पड रहा था।
जन सुनवाई, विभिन्न शिविरों एवं क्षेत्र भ्रमण के दौरान लोगों ने आधार कार्ड बनाने में हो रही परेशानी से जिलाधिकारी को अवगत कराया। मामले को गम्भीरता से लेते हुए डीएम ने ई-डिस्ट्रक्ट मैनेजर को लोगों की सुविधाओं के अनुसार आधार कार्ड सेंटर स्थापित कराने के निर्देश दिए थे।
ई-डिस्ट्रिक्ट मैनेजर विकास बिष्ट ने बताया कि जिले में आधार कार्ड बनाने के लिए वर्तमान में 15 सेंटर स्थापित किए गए है। इन सभी सेंटर पर आधार कार्ड बनाने के साथ-साथ आधार कार्ड में संशोधन भी किए जा रहे है। उन्होंने बताया कि बैंक आॅफ बडोदा गापेश्वर नियर बस स्टैंड, हेड पोस्ट आॅफिस गोपेश्वर, एसबीआई गोपेश्वर, सब पोस्ट आफिस कर्णप्रयाग, सब पोस्ट आफिस नन्दप्रयाग, सब पोस्ट आफिस गौचर, सिंडिकेट बैंक चमोली, उत्तराखण्ड ग्रामीण बैंक जोशीमठ, उत्तराखण्ड ग्रामीण बैंक कर्णप्रयाग आधार कार्ड बनाए जा रहे है। इसके अलावा विकास खण्ड कार्यालय घाट, कर्णप्रयाग, पोखरी, गैरसैंण, थराली तथा नारायणबगड में भी आधार कार्ड बनाने के लिए सेंटर स्थापित किए गए है।
