कौटिल्य वाटिका में श्रीमद् भागवत कथा एवं विराट संत सम्मेलन 21 मार्च से
ऋषिकेश। हरिद्वार महाकुंभ के अवसर पर नृसिंह भक्ति संस्थान एवं सोमेश्वर महादेव कीर्तन मण्डली प्रतीत नगर की ओर से 21 मार्च से होने वाले श्रीमद् भागवत कथा एवं विराट धर्म सम्मेलन आयोजन की तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। जिसमें नृसिंह पीठाधीश्वर स्वामी रसिक महाराज अपनी वाणी से श्रद्धालुओं को ज्ञान की गंगा से अभिभूत करेंगे।
नृसिंह वाटिका आश्रम रायवाला में आयोजित बैठक में कार्यक्रम की तैयारियों को अंतिम रूप दिया गया। समिति के प्रधान सिदेश्वर प्रसाद कुकरेती ने बताया कि विराट संत सम्मेलन सहित भागवत महापुराण कथा व लक्ष्मी नारायण महायज्ञ 21 मार्च से 28 मार्च तक कराया जा रहा है। इससे पहले विशाल शोभायात्रा 21 मार्च दिन रविवार को सुबह 10 बजे होशियारी माता मंदिर से आरंभ होगी, जिसमें भारी संख्या में भक्त पहुंचकर महाराज श्री का आशीर्वाद प्राप्त करेगें । शोभायात्रा होशियारी माता मन्दिर से आरंभ होकर पूरे प्रतीतनगर गांव एवं कालोनी से गुजरते हुए कौटिल्य वाटिका वैडिंग प्वाइंट में संपन्न होगी । उन्होंने बताया कि भागवत महापुराण कथा 21मार्च से 28 मार्च तक दोपहर 2 बजे से 6 बजे तक होगी जिसमें ज्योतिर्मठ बद्रीनाथ के संत नृसिंह पीठाधीश्वर स्वामी रसिक महाराज अपनी वाणी से श्रद्धालुओं को ज्ञान की गंगा से अभिभूत करेंगे। 27 मार्च को रात्रि जागरण एवं 28 मार्च को अन्नपूर्णा खुला भण्डारा रखा गया है । उन्होंने लोगों से धर्म कार्य में बढ़ चढ़ कर भाग लेने की अपील की है ।

