टिहरी गढ़वाल में मासिक अपराध गोष्ठी आयोजित, उत्कृष्ट कार्य करने वाले 26 पुलिसकर्मी सम्मानित

Spread the love

टिहरी ।जनपद टिहरी की पुलिस लाईन चंबा में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक आयुष अग्रवाल की अध्यक्षता में मासिक अपराध गोष्ठी का आयोजन किया गया। गोष्ठी में जनपद के सभी थाना प्रभारियों एवं शाखा प्रभारियों की उपस्थिति में पुलिस कार्यप्रणाली की विस्तृत समीक्षा की गई तथा कार्मिकों की समस्याओं को सुनकर उनके त्वरित समाधान के निर्देश दिए गए।

बैठक के दौरान जनपद में घटित अपराधों, लंबित विवेचनाओं, कानून-व्यवस्था की स्थिति तथा आगामी त्योहारों को लेकर सुरक्षा तैयारियों की समीक्षा की गई। इस अवसर पर उत्कृष्ट एवं निष्ठापूर्वक कार्य करने वाले 26 पुलिस कार्मिकों को “Employee of the Month” घोषित करते हुए नगद पारितोषिक एवं प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया, जिससे पुलिसकर्मियों का मनोबल बढ़े और उन्हें बेहतर कार्य के लिए प्रेरणा मिल सके।

गोष्ठी के उपरांत सड़क दुर्घटनाओं के वैज्ञानिक विश्लेषण एवं रोकथाम के उद्देश्य से IRAD (Integrated Road Accident Database) पोर्टल के संबंध में विशेष प्रशिक्षण बैठक भी आयोजित की गई। प्रशिक्षण में अधिकारियों और कर्मचारियों को सड़क दुर्घटनाओं से संबंधित डाटा ऑनलाइन अपलोड करने, घटनास्थल का विवरण दर्ज करने, कारणों के विश्लेषण तथा सही रिपोर्टिंग की प्रक्रिया की विस्तृत जानकारी दी गई। अधिकारियों को बताया गया कि सही डाटा एंट्री से दुर्घटना संभावित ब्लैक स्पॉट चिन्हित कर प्रभावी सड़क सुरक्षा उपाय लागू किए जा सकते हैं।


वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने गोष्ठी में अधिकारियों को निर्देश दिए कि थाना क्षेत्रों में यातायात प्रबंधन, भीड़ नियंत्रण एवं पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती सुनिश्चित की जाए। मंदिरों एवं प्रमुख चौराहों पर अधिक सीसीटीवी कैमरे लगवाकर चोरी की घटनाओं पर प्रभावी अंकुश लगाया जाए। साथ ही मादक पदार्थों की तस्करी के विरुद्ध NDPS Act के अंतर्गत सख्त कार्रवाई, ड्रंकन ड्राइव एवं यातायात नियमों के उल्लंघन पर सघन चेकिंग अभियान चलाने, साइबर अपराधों का त्वरित निस्तारण करने तथा सीएम हेल्पलाइन, सीनियर सिटीजन पोर्टल एवं अपनी सरकार पोर्टल पर प्राप्त शिकायतों का समयबद्ध समाधान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।

उन्होंने लंबित विवेचनाओं, जांचों एवं न्यायालयीय आदेशों की शत-प्रतिशत तामील सुनिश्चित करने तथा पुलिस मुख्यालय द्वारा संचालित अभियानों में प्रभावी कार्रवाई करने पर भी जोर दिया। अंत में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों को अनुशासन, कर्तव्यनिष्ठा और जनसेवा की भावना से कार्य करने का आह्वान किया।

गोष्ठी में अपर पुलिस अधीक्षक दीपक सिंह, क्षेत्राधिकारी चंबा महेश लखेड़ा, क्षेत्राधिकारी नरेंद्रनगर सुरेन्द्र सिंह भंडारी, मुख्य अग्निशमन अधिकारी संजीवा कुमार सहित जनपद के समस्त थाना प्रभारी एवं शाखा प्रभारी उपस्थित रहे।

Next Post

अल्मोड़ा में मासिक अपराध गोष्ठी आयोजित, 21 अधिकारी-कर्मचारी सम्मानित

Spread the love अल्मोड़ा।अपराध नियंत्रण एवं कानून व्यवस्था को सुदृढ़ बनाए रखने के उद्देश्य से वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्री देवेन्द्र पींचा की अध्यक्षता में पुलिस लाइन सभागार में मासिक अपराध गोष्ठी एवं पुलिस कर्मचारियों का सम्मेलन आयोजित किया गया। बैठक में जनपद के समस्त पुलिस अधिकारियों के साथ हाल ही […]