जमीन आवंटन के बावजूद भी जिन उद्यमियों ने अभी तक इकाईयां स्थापित नही की है उनके आवंटन तत्काल निरस्त करना सुनिश्चित करें

Spread the love

चमोली।जिलाधिकारी स्वाति एस भदौरिया ने रविवार को मिनी औद्योगिक अस्थान कालेश्वर में मिनि औद्योगिक इकाइयों का निरीक्षण कर इकाईयों के संचालन में आ रही व्यवहारिक कठिनाइंयों की जानकारी ली। उन्होंने निर्देश दिए कि जमीन आवंटन के बावजूद भी जिन उद्यमियों ने अभी तक इकाईयां स्थापित नही की है उनके आवंटन तत्काल निरस्त करना सुनिश्चित करें।

जिलाधिकारी ने मिनि औद्योगिक अस्थान कालेश्वर में कैरीबैग, फू्रट प्रोशेसिंग, फर्नीचर, बैकरी, टायर, रेडीमेड गारमेंट, काॅसमेटिक आदि इकाईयों का निरीक्षण कर उनके संचालन में आ रही व्यवहारिक कठिनाइयों के बारे में बारीकी से जानकारी ली। उद्यमियों से विभिन्न उत्पादों की जानकारी लेते हुए जिलाधिकारी ने प्रोडेक्ट की अच्छी ब्रांडिग करने तथा अधिक से अधिक स्थानीय लोगों को ही रोजगार उपलब्ध कराने को कहा। क्षेत्र में सुचारू रूप से विद्युत आपूर्ति न होने की समस्या पर जिलाधिकारी ने कहा कि जल्द ही विद्युत विभाग के माध्यम से समस्या का समाधान कराया जाएगा।
मिनि औद्योगिक अस्थान कालेश्वर में पिछले कई सालों से उद्यमियों को जमीन आवंटन के बाद भी अभी तक औद्योगिक इकाईयां स्थापित न करने पर कडी नाराजगी जाहिर करते हुए जिलाधिकारी ने ऐसे उद्यमियों को तत्काल नोटिस जारी कर आवंटन निरस्त करने के निर्देश जिला उद्योग केन्द्र के सहायक प्रबन्धक को दिए। कहा कि जो लोग सही मायने में उद्यम स्थापित करना चाहते है उनको ही जमीन आवंटित की जाए। निरीक्षण के दौरान उद्यमियों ने इकाईयों के संचालन से संबधित विभिन्न समस्याएं जिलाधिकारी के समक्ष रखी। बतादें कि मिनि औद्योगिक आस्थान कालेश्वर में 66 प्लाट में से 60 प्लाट विभिन्न इकाईयों की स्थापना के लिए उद्यमियों को आवंटित किए गए थे, जिसमें से कुछ उद्यमियों द्वारा ही अभी तक इकाईयां संचालित की जा रही है। निरीक्षण के दौरान जिला उद्योग केन्द्र के सहायक प्रबन्धक विक्रम सिंह कुंवर, बद्री प्रसाद सती तथा विभिन्न इकाईयों के उद्यमी मौजूद थे।

देवभूमि खबर

Related articles