स्वामी श्रद्धानन्द के नाम पर फ्लाई ओवर का नाम रखने को प्रस्ताव भारत सरकार को भेजा जायेगाः सीएम
हरिद्वार।देवभूमि खबर। मुख्यमंत्री त्रिवेन्द्र सिंह रावत ने सोमवार को गुरुकुल कांगड़ी विश्वविद्यालय, हरिद्वार में स्वामी श्रद्धानंद जी के 93वाँ बलिदान दिवस के अवसर पर आयोजित कार्यक्रम में प्रतिभाग किया एवं 88वें अखिल भारतीय स्वामी श्रद्धानंद हॉकी टूर्नामेंट का शुभारम्भ किया। मुख्यमंत्री ने कहा कि हरिद्वार हाईवे पर बन रहे फ्लाईओवर का नाम स्वामी श्रद्धानन्द के नाम पर रखने के लिए प्रस्ताव भारत सरकार को भेजा जायेगा। गुरूकुल कांगड़ी विश्वविद्यालय मैदान में एस्ट्रो टर्फ बनाने के लिए राज्य सरकार द्वारा भी सहयोग किया जायेगा। मुख्यमंत्री त्रिवेन्द्र ने कहा कि गुरुकुल कांगड़ी विश्वविद्यालय ने ऐसे महापुरुषों को जन्म दिया है, जिन्होंने इस देश की परम्पराओं और संस्कृति को अभिसिंचित ही नहीं किया है, बल्कि उसके प्रचार-प्रसार के लिए भारत ही नहीं बल्कि विदेशों में भी भारत को विश्व में कीर्तिमान दिलाने में अपना एक महत्वपूर्ण योगदान दिया है।

