जीवन में अपने कर्तव्यों का पालन करते हुये हमें राष्ट्र के विकास में अपना योगदान देना चाहिये: भदौरिया

Spread the love

रानीखेत।देवभूमि खबर। शिक्षा से ही व्यक्ति का सर्वांगीण विकास होता है और सामाजिक जीवन में अपने कर्तव्यों का पालन करते हुये हमें राष्ट्र के विकास में अपना योगदान देना चाहिये। यह बात जिलाधिकारी नितिन सिंह भदौरिया ने बतौर मुख्य अतिथि आज अशोका हाॅल स्कूल मजखाली में अध्ययनरत् विद्यार्थियों को सम्बोधित करते हुये कही। उन्होंने कहा कि शिक्षा समाज की उन्नति के लिये एक महत्वपूर्ण साधन है और शिक्षा के माध्यम से ही हम समाज की अनेक बुराईयों को दूर कर सकते है। अपने सम्बोधन में जिलाधिकारी ने कहा कि हमें हमेशा सकारात्मक सोच के साथ आगे बढ़ना चाहिये और हमेशा कठिन परिश्रम हो महत्व देना चाहिये।

इस अवसर पर जिलाधिकारी ने स्कूल की छात्रों से सीधे संवाद किया और उनकी रूचियो के बारे में जानकारी प्राप्त की। छात्राओं द्वारा सिविल सर्विस के बारे में अनेक प्रश्न जिलाधिकारी से पूछे जिस पर जिलाधिकारी ने भारतीय सिविल सर्विस मे चयन हेतु अनेक जानकारी दी। उन्होंने कहा कि आज हर क्षेत्र में महिलाओं द्वारा कार्य किया जा रहा हैं जो हम सबके लिये गौरव की बात है। जिलाधिकारी ने कहा हमें हमेशा समाज के लिये कार्य करना चाहिये जो हमारी नैतिक जिम्मेदारी हैं। उन्होंने कहा कि हमें जनसस्याओं के निस्तारण के लिये हमेशा तत्पर रहना चाहिये।
जिलाधिकारी ने कहा कि हमें हमेशा चुनौतियों को स्वीकार करना चाहिये तभी हम समाज का विकास कर सकते है। इस अवसर पर जिलाधिकारी ने सरकार द्वारा पर्यटन के लिये चलायी जा रही अनेक योजनाओं के बारे में भी बताया। उन्होंने कहा कि पर्यटन विभाग द्वारा जनपद में अनेक योजनायें चलायी जा रही है। जिलाधिकारी ने कहा कि रानीखेत शहर पर्यटन की दृष्टि से अपने आप में एक बहुत सुन्दर शहर है। इस अवसर स्कूली बालिकाओं द्वारा पर्यावरण संरक्षण पर अनेक रंगारंग कार्यक्रम प्रस्तुत किये गये। इस कार्यक्रम में स्कूल के प्रधानाचार्य हेमन्त के0 राय, उपप्रधानाचार्य मधुशिखा, डा0 रतन पाण्डे, डा0 साहिन खान सहित विद्यालय की अनेक शिक्षिकायें व छात्रायें उपस्थित थी।

देवभूमि खबर

Related articles