राजपुर पुलिस ने बार मैनेजर को किया गिरफ्तार
देहरादून।देवभूमि खबर। थाना राजपुर के अंतर्गत जाखन क्षेत्र में स्थित बार, पब और रेस्टोरेंट में बीती देर रात्रि तक शराब पिलाने, म्यूजिक चलाने और शराब के नशे में लोगों के हंगामा मचाने पर पुलिस ने एक बार के मैनेजर को गिरफ्तार किया है। इसके अलावा बार स्वामी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है।
डीआइजी अरुण मोहन जोशी को क्षेत्र में देर रात तक शराब पिलाने और हंगामा करने की सूचना मिली थी। डीआइजी ने थानाध्यक्ष राजपुर को तुरंत कार्रवाई करने के निर्देश दिए। थाना राजपुर पुलिस ने यूके सेंट्रल बार पर छापेमारी की। इस दौरान पाया कि एक दिवसीय बार लाइसेंस की शर्तों का उल्लंघन करते हुए निर्धारित समय से अधिक में अवैध रूप से शराब सर्व की जा रही थी। काउंटर पर बिल्स चेक किए गए तो बिल निर्धारित समय से अधिक समय में बने हुए पाए गए। पुलिस ने बार के मैनेजर लकी वाइवा निवासी नई बस्ती क्लेमेनटाउन को गिरफ्तार कर दिया। वहीं मौके से शराब की आधी और खाली बोतल और गिलास, सीसीटीवी फुटेज को कब्जे में ले लिया। बार स्वामी निशांत कुमार निवासी कैनाल रोड जोकि बार में मौजूद नहीं था, के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया। इस दौरान अन्य बार और पब संचालकों को हिदायत दी गई कि सभी निर्धारित शर्तों का पालन करेंगे, अन्यथा किसी भी प्रकार से नियमों के उल्लंघन होने पर संचालकों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।

