प्रदेश में कानून व्यवस्था ध्वस्त, एडीजी मुरुगेशन बढ़ा रहे ऑफिस की शोभा – जन संघर्ष मोर्चा

Spread the love

विकासनगर। जन संघर्ष मोर्चा के अध्यक्ष एवं जीएमवीएन के पूर्व उपाध्यक्ष रघुनाथ सिंह नेगी ने पत्रकारों से वार्ता करते हुए प्रदेश की कानून व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े किए। उन्होंने कहा कि प्रदेश में एडीजी (लॉ एंड ऑर्डर) श्री मुरुगेशन की निकम्मी कार्यशैली और लापरवाही के चलते माफियाओं एवं अवैध कारोबारियों का साम्राज्य स्थापित हो चुका है।
नेगी ने आरोप लगाया कि आज अधिकांश स्थानों पर पुलिसिया लूट-खसोट बढ़ती जा रही है, जिसके कारण बदमाशों से ज्यादा आम जनता पुलिसिया आतंक से डरने लगी है। लोग पुलिस की कार्यशैली से तंग आकर आत्महत्या जैसे कदम उठाने को मजबूर हो रहे हैं और कई नागरिक भय के साए में जीवन यापन कर रहे हैं, लेकिन एडीजी लॉ एंड ऑर्डर केवल ऑफिस की शोभा बढ़ाने तक सीमित नजर आ रहे हैं।
उन्होंने कहा कि प्रदेश भर में बदमाशों एवं माफियाओं की आमद बढ़ चुकी है, जिसके चलते दिन-दहाड़े अपराध हो रहे हैं। जिम्मेदार अधिकारी का पुलिस पर प्रभावी नियंत्रण न होना इसकी सबसे बड़ी वजह है। हाल ही में एक किसान आत्महत्या प्रकरण में निलंबित दरोगा की एसीआर लीक होकर सोशल मीडिया पर वायरल हुई, इसके लिए जिम्मेदार कौन है—यह भी एक बड़ा सवाल है।
नेगी ने कहा कि जिम्मेदार अधिकारी का कर्तव्य है कि वे समय-समय पर आम जनता से सीधा संवाद करें, ताकि पुलिस की कार्यशैली की वास्तविक स्थिति सामने आ सके और नागरिक स्वयं को सुरक्षित महसूस कर सकें। उन्होंने यह भी कहा कि आज अधिकांश जनपदों में जानलेवा चाइनीस मांझा खुलेआम बिक रहा है और नशे का कारोबार दिन-प्रतिदिन बढ़ता जा रहा है, लेकिन इस ओर कोई ठोस ध्यान नहीं दिया जा रहा है।
उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि प्रदेश में कई कर्मठ और ईमानदार अधिकारी अपनी ड्यूटी पूरी निष्ठा से निभा रहे हैं, लेकिन उन्हें न तो संरक्षण मिल रहा है और न ही प्रोत्साहन।
मोर्चा ने चेतावनी दी कि वह शीघ्र ही इस मामले को लेकर सरकार से वार्ता करेगा और गैर-जिम्मेदार अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई कराए बिना शांत नहीं बैठेगा।
अंत में नेगी ने तंज कसते हुए कहा कि श्री मुरुगेशन को एडीजी (लॉ एंड ऑर्डर) के बजाय एडीजी (वीआईपी ट्रीटमेंट) बनाया जाना चाहिए।
पत्रकार वार्ता में हाजी असद एवं प्रवीण शर्मा पिन्नी भी मौजूद रहे।
#प्रदेशभरमेंबदमाशोंकासाम्राज्य
#पुलिसियाआतंकसेडरतीजनता
#माफियाओंकाहबउत्तराखंड
#पुलिसियलूटसेजनताबेहाल

देवभूमि खबर

Related articles