चारधाम यात्रा तैयारियों का जायजा लेने हरिद्वार पहुंचीं आईजी विम्मी सचदेवा रमन, व्यवस्थाओं को दुरुस्त करने के निर्देश
हरिद्वार। चारधाम यात्रा की तैयारियों को परखने के लिए पुलिस मुख्यालय से आईजी प्रोविजन एंड मॉडर्नाइजेशन विम्मी सचदेवा रमन हरिद्वार पहुंचीं। इस दौरान एसएसपी नवनीत सिंह ने सीसीआर भवन में उनका स्वागत किया।
इसके बाद सीसीआर स्थित कॉन्फ्रेंस हॉल में बैठक आयोजित की गई, जिसमें एसएसपी नवनीत सिंह, एसपी क्राइम/ट्रैफिक निशा यादव, एसपी सिटी अभय कुमार सिंह सहित अन्य पुलिस अधिकारी मौजूद रहे। बैठक में चारधाम यात्रा को लेकर की जा रही तैयारियों की विस्तृत समीक्षा की गई।
बैठक की शुरुआत में एसएसपी नवनीत सिंह ने हरिद्वार पुलिस द्वारा यात्रा के दृष्टिगत की गई व्यवस्थाओं की क्रमबद्ध जानकारी प्रस्तुत की। इसके पश्चात आईजी विम्मी सचदेवा रमन ने चारधाम यात्रा के लिए तैयार रोडमैप साझा करते हुए पार्किंग स्थलों, यात्रा पड़ावों और रजिस्ट्रेशन सेंटरों की व्यवस्थाओं को और बेहतर बनाने के निर्देश दिए।
उन्होंने विशेष रूप से यात्रा मार्ग में आने वाले पड़ावों पर मूलभूत सुविधाओं के सृजन और उनके प्रभावी क्रियान्वयन पर जोर दिया। साथ ही यात्रा के दौरान शहर में तैनात किए जाने वाले पुलिस बल की समीक्षा कर अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
बैठक के उपरांत आईजी ने पुलिस अधिकारियों के साथ पार्किंग, हॉल्टिंग प्वाइंट्स और रजिस्ट्रेशन सेंटरों का भौतिक निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया।

