उत्तराखंड की जनता से धोखा: भाजपा सांसदों ने सांसद निधि दूसरे राज्यों में लुटाई : गोदियाल

Spread the love

देहरादून।उत्तराखंड के गांव आज भी पानी, सड़क, स्कूल और अस्पताल जैसी बुनियादी सुविधाओं के लिए जूझ रहे हैं, लेकिन इसके बावजूद भाजपा के सांसद अपनी सांसद निधि का बड़ा हिस्सा दूसरे राज्यों में खर्च कर रहे हैं। यह न केवल दुर्भाग्यपूर्ण है, बल्कि उत्तराखंड की जनता के साथ खुला धोखा भी है। यह आरोप उत्तराखंड कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल ने लगाया।

गणेश गोदियाल ने कहा कि सूचना के अधिकार के तहत प्राप्त जानकारी में सामने आया है कि भाजपा सांसदों ने उत्तर प्रदेश, हरियाणा और अन्य राज्यों में ट्यूबवेल, स्कूल, सामुदायिक भवन, सड़क और जल निकासी जैसे कार्यों पर करोड़ों रुपये खर्च किए हैं, जबकि उत्तराखंड के गांव आज भी विकास की बुनियादी जरूरतों से वंचित हैं। उन्होंने इसे जनता के भरोसे के साथ किया गया विश्वासघात बताया।

प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा कि यह तर्क देना कि उत्तराखंड के लोग पूरे देश में रहते हैं, भाजपा सांसदों को उनके दायित्वों से मुक्त नहीं कर सकता। उन्होंने कहा कि सांसद उत्तराखंड की जनता द्वारा चुने गए हैं और उनकी पहली जिम्मेदारी उत्तराखंड के विकास के प्रति है, न कि किसी अन्य राज्य के कार्यों के प्रति।

गोदियाल ने कहा कि देहरादून, टिहरी, अल्मोड़ा, पौड़ी और चमोली जैसे क्षेत्रों में आज भी सड़क, पेयजल, स्वास्थ्य और शिक्षा की स्थिति बेहद खराब है, लेकिन इसके बावजूद भाजपा सांसदों की प्राथमिकताओं में उत्तराखंड कहीं नजर नहीं आता। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा सांसदों की प्राथमिकता विकास नहीं बल्कि राजनीतिक हित साधना है।

कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि जनता के साथ हुए इस विश्वासघात पर भाजपा सांसदों को जवाब देना होगा। उन्होंने केंद्र सरकार से सांसद निधि के दुरुपयोग की जांच कराने की मांग की और कहा कि सांसद निधि का पूरा उपयोग उत्तराखंड के विकास के लिए ही होना चाहिए।

अंत में गोदियाल ने कहा कि उत्तराखंड की देवतुल्य जनता सब देख रही है और समय आने पर इसका जवाब जरूर देगी। उन्होंने कहा कि यह विकास नहीं, विश्वासघात है। देवभूमि को सिर्फ भाषण मिले हैं, विकास नहीं। यही भाजपा का असली चेहरा है।

Next Post

जिला विकास प्राधिकरण की भेदभाव पूर्वक कार्रवाई बर्दाश्त नहीं करेंगे ओम गोपाल रावत

Spread the love टिहरी ।जिला विकास प्राधिकरण की कथित मनमानी और भेदभावपूर्ण कार्यवाही के खिलाफ कांग्रेस के एक शिष्टमंडल ने जिलाधिकारी से मुलाकात की। शिष्टमंडल का नेतृत्व नरेंद्र नगर के पूर्व विधायक ओम गोपाल सिंह रावत ने किया। उनके साथ पूर्व प्रमुख वीरेंद्र सिंह कंडारी, जिला कांग्रेस कमेटी टिहरी गढ़वाल […]