आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों ने अपनी मांगों को लेकर किया सचिवालय कूच, पुलिस ने रोका
देहरादून।देवभूमि खबर। उत्तरांचल आंगनबाड़ी कर्मचारी संघ से जुड़े कर्मचारियों ने अपनी विभिन्न मांगों को लेकर बारिश के बीच सचिवालय कूच किया। हालंकि सचिवालय के समीप पुलिस ने बैरिकेट लगाकर कार्यकर्ताओं को आगे बढ़ने से रोक दिया। इस दौरान पुलिसकर्मियों और कर्मचारियों के बीच हल्की फुल्की धक्कामुक्की भी हुई। इसके बाद कर्मचारियों ने मांगों के निस्तारण के लिए सिटी मजिस्ट्रेट के माध्यम से सीएम को ज्ञापन भेजा।
मंगलवार को कर्मचारी संघ से जुड़े आंगनबाड़ी कर्मचारी प्रदेश महामंत्री सुशीला खत्री की अध्यक्षता में परेड ग्रांउड स्थित धरना स्थल पर एकत्र हुए। इसके बाद प्रदेश सरकार के खिलाफ नारेबाजी करते हुए कर्मचारियों ने सचिवालय कूच किया। लेकिन मौके पर मौजूद पुलिसकर्मियों ने सचिवालय से पहले कार्यकर्ताओं को आगे बढ़ने से रोक दिया। करीब एक घंटे तक नारेबाजी करते कार्यकर्ता वहीं सड़क पर डटे रहे। लेकिन तेज बारिश के आगे कार्यकर्ताओं ने कदम पीछे खींच लिए। जिसके चलते मौके पर मौजूद सिटी मजिस्ट्रेट अवधेश कुमार को ज्ञापन सौंप घरों को लौट आए। इस दौरान आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों ने प्रदेश सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की।
उनका कहना था कि आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों का मानदेय 21 हजार रूपए किया जाए और उन्हें राज्य कर्मचारी घोषित किया जाए। प्रदर्शनकारियों में दीपा पंवार, गीता तोमर, नीनू धीमान, निशा राय, सनिता चैहान, बीना, नीलम, बबीता, मीना तोमर, बबीता राणा, सुधा, हयात फातिमा, लक्ष्मी, विमला, पूनम, नीलिमा, प्रभा चैहान, बीरू खन्ना आदि शामिल रहे।

