जिलाधिकारी ने ली जिला आपदा प्रबन्धन प्राधिकरण की बैठक
रुद्रप्रयाग ।जिलाधिकारीअध्यक्ष जिला आपदा प्रबन्धन प्राधिकरण रूद्रप्रयाग द्वारा जनपद रूद्रप्रयाग की आपदाओं के प्रति संवेदशीलता व आगामी मानसून अवधि के दौरान जनपद स्तर पर संभावित आपदाओं के दौरान कुशल आपदा प्रबन्धन एवं मानसून अवधि के दौरान मार्ग अवरूद्ध होने की स्थिति में विभागीय रिस्पाॅस टाईम के उद्देश्य से समय-समय पर विभिन्न रेखीय विभागों की माॅकड्रिल करवाये जाने हेतु श्री वृजेश कुमार तिवारी, जिला आपदा प्रबन्धन अधिकारी, रूद्रप्रयाग को निर्देश दिये गये ।
इसी क्रम में दिनांक 05 जून, 2020 को जिला आपदा प्रबन्धन अधिकारी रूद्रप्रयाग द्वारा जनपद रूद्रप्रयाग के तहसील ऊखमीठ के अन्तर्गत स्थान सल्या तुलंगा मोटर मार्ग पर माॅकड्रिल करवायी गयी। जिला आपदा प्रबन्धन अधिकारी द्वारा डी0डी0आर0एफ0 टीम के सदस्य को उक्त मोटर मार्ग पर भेजा गया। माॅकड्रिल के दौरान श्री सुरेन्द्र टीम डी0डी0आर0एफ0 द्वारा समय प्रातः 08ः45 बजे जिला आपातकालीन परिचालन केन्द्र रूद्रप्रयाग को सूचना दी गयी कि, रात को भारी बारिश के कारण सल्या तुलंगा मोटर मार्ग कि0मी0 06 पर भूस्खलन के कारण अवरूद्ध हो गया है। बीमार व्यक्ति एवं गर्भवती महिला को अस्पताल पहुॅचाया जाना है तथा मार्ग खुलवाने हेतु जे0सी0बी0 की आवश्यकता है। जिला आपातकालीन परिचालन केन्द्र रूद्रप्रयाग द्वारा तत्काल उक्त सूचना अधिशासी अभियन्ता निर्माण खण्ड लो0नि0वि0 ऊखीमठ को दी गयी। सम्बन्धित विभाग के अधिकारी समय अपराह्न 12ः05 बजे घटना स्थल पर पहुॅचे। इस प्रकार सम्बन्धित विभाग का रिस्पाॅस टाईम 03 घण्टे 20 मिनट का रहा। जिला अधिकारी द्वारा उक्त रिस्पाॅस टाइम पर नाराजगी व्यक्त करते हुए, सम्बन्धित विभाग का स्पष्टीकरण लेने के निर्देश दिये गये। साथ ही अन्य रेखीय विभागों को भी निर्देश दिये गये कि, किसी भी घटना की स्थिति में रिस्पाॅस टाईम में विलम्ब होता है तो सम्बन्धित विभाग के खिलाफ कड़ी कार्यवाही की जाएगी।

