हरिद्वार । निरीक्षक सुन्दरम शर्मा प्रभारी साईबर सेल की टीम द्वारा जनपद में साइबर अपराधों की रोकथाम हेतु तथा आमजनमानस को जागरूक करने का असर आमजन पर दिख रहा है।इस क्रम में साइबर सेल में एक लिखित शिकायत आने पर पूरी टीम ने तत्परता से कार्य करते हुए आवेदक को साइबर ठग से बचा लिया जिस पर आवेदक ने साइबर सेल की प्रशंसा की।
आपको बताते चलें कि साइबर सेल जनपद हरिद्वार को आवेदक श्री सागर कुमार निवासी ज्वालापुर द्वारा साईबर सैल जनपद हरिद्वार मैं लिखित प्रार्थना पत्र दिया कि एक अज्ञात व्यक्ति द्वारा फेसबुक के माध्यम से फ्रेंड रिक्वेस्ट भेजी गई। जिसके द्वारा बताया गया कि वह आवेदक के लिए गिफ्ट भेजना चाहता है तथा कस्टम क्लीयरेंस के नाम पर आवेदक से अपने खाते में पैसे ट्रांसफर करने हेतु कहा गया। इस प्रकार विपक्षी की बातों पर विश्वास कर पीड़ित द्वारा कुल धनराशि ₹117800 विपक्षी के बताये गए खाते में ट्रांसफर कर दिये गए। उपरोक्त सूचना पर पुलिस अधीक्षक अपराध श्री पी0के0 राय, नोडल अधिकारी साईबर क्राईम/पुलिस उपाधीक्षक साईबर, डा०पूर्णिमा गर्ग के नेतृत्व में साईबर सैल जनपद हरिद्वार द्वारा त्वरित कार्यवाही करते हुए आवेदक से लेन-देन का पूर्ण विवरण प्राप्त किया गया, जिससे ज्ञात हुआ कि आवेदक के द्वारा कोटक महिन्द्रा बैंक खाते में ट्रांसफर किये गए हैं। जिस सम्बन्ध में कोटक महिन्द्रा बैंक के नोडल अधिकारी के साथ त्वरित संपर्क करते हुए साइबर क्राइम सेल हरिद्वार के द्वारा उपरोक्त बैंक खाते में आवेदक के खाते से ठगी गई तथा अन्य पीडितों की कुल ठगी गई 264020 धनराशि को तत्काल होल्ड करवा दिया गया है। जिससे आवेदक सागर कुमार की धनराशि से अतिरिक्त साइबर ठग के 146220 रु0 अतिरिक्त होल्ड हुई है, जिससे साइबर ठग सकते में आ गया होगा। उक्त प्रकरण के सम्बन्ध में कोतवाली ज्वालापुर पर अभियोग पंजीकृत किया जा चुका है। शिकायतकर्ता श्री सागर कुमार के द्वारा साइबर सैल के उक्त कार्य की भूरि भूरि प्रशंसा करते हुए धन्यवाद ज्ञापित किया गया। आवेदक द्वारा आमजनमानस को भी जागरूक करने हेतु संदेश दिया है।
साइबर क्राइम सेल टीम में निरीक्षक सुन्दरम शर्मा
कांस्टेबल शक्ति सिंह गुसाई,कांस्टेबल अरुण कुमार थे।

