विद्यार्थियों की घर पर बैठकर पढ़ाई के लिए संवर्धन एप “मेरा मोबाइल मेरा विद्यालय” का शुभारंभ
रूद्रप्रयाग ।लॉक डाउन अवधि में जनपद की शिक्षण व्यवस्था को बनाये रखने हेतु जिलाधिकारी की दूरदर्शी सोच पर आधारित संवर्धन एॅप मेरा मोबाइल मेरा विद्यालय का प्रयोग किया जा रहा है। इस ही कार्यक्रम के तहत जनवरी – फरवरी माह में भी जनपद के 80 चयनित विद्यालयों में 9वीं तथा 10वीं के विद्यार्थियों को वीडियोज के माध्यम से पाठ्यक्रम के मुख्य संबोधों की पुनरावृत्ति करवाई गयी थी। जिला कार्यालय सभागार में जिलाधिकारी द्वारा उस कार्यक्रम को आगे बढ़ाते हुए जनपद के सभी विद्यालयों के विद्यार्थियों की घर पर बैठकर पढ़ाई के लिए संवर्धन एप मेरा मोबाइल मेरा विद्यालय का शुभारंभ किया गया।कोविड 19 के कारण हुए लॉकडाउन में स्कूल बंद होने के कारण पठन – पाठन में उत्पन्न व्यवधान को कम करने में यह एॅप असरदार साबित होगी ऐसा मुझे पूरा विश्वास है। विद्यार्थियों द्वारा यह एॅप डाउनलोड करने के बाद वे 9वीं से लेकर 12वीं तक के पाठ्यक्रम के संबोधों को रुचिकर वीडियोज के माध्यम से घर पर रहकर ही देख व समझ सकते हैं। इतना ही नहीं वे वीडियोज देखने के बाद अपनी शकाओं,प्रश्नों या सुझावों को भी ग्रुप में साझा सकते हैं जहाँ उनके मार्गदर्शन के लिए बहुत से गुरुजन हर समय उपलब्ध रहेंगे। बच्चों को समय समय पर टेस्ट पेपर भी उबलब्ध कराये जायेंगे जिस से उनकी परफॉरमेंस का भी पता चलता रहेगा।इसके अलावा अध्यापकों द्वारा स्वयं भी किसी संबोध से सम्बंधित वीडियो,चित्र,डॉक्यूमेंट ग्रुप में साझा किया जा सकता है।इस बेहतरीन एॅप का सम्पूर्ण लाभ बच्चों को मिल सके इसके लिए हमें थोड़ा सा कष्ट उठाकर ईमानदारी से बच्चों को न केवल इस एॅप को डाउनलोड करने के लिए प्रेरित करना है बल्कि उन्हें एॅप डाउनलोड करने के बाद के स्टेप्स भी बताने होंगे जिस से वे इस एॅप में दिए गए समस्त संसाधनों का लाभ उठा सकें।अन्य ऑनलाइन संसाधनों के साथ साथ यह एॅप विद्यार्थियों के लिए इसलिए भी लाभदायक होगी क्योंकि इसमें संबोधो को वीडियोज और एनीमेशन के माध्यम से बताया गया है।
जिलाधिकारी मंगेश घिल्डियाल ने कहा कि लॉकडाउन अवधि में भी बच्चों को शिक्षा प्राप्त होती रहे,इसके लिये सभी शिक्षक, अभिभावक को एप डाउनलोड करें।वर्तमान समय की परिस्थितियों के अनुसार तकनीकी का अनुप्रयोग किया जा रहा है। शिक्षकों का साथ ही अभिभावकों को भी बच्चों के शिक्षण हेतु सकारात्मक भूमिका निभानी होगी। विद्यालय के गुरुजनों द्वारा चैप्टर अनुसार नोट्स तैयार करके भी उपलब्ध कराए जा रहे, साथ ही प्रश्नोत्तरी के मध्यम से फीडबैक लिया जा रहा है। सरकार द्वारा दूरदर्शन के माध्यम से भी शिक्षण कराया जा रहा है।
बैठक में मुख्यशिक्षा अधिकारी सी एन काला ने बताया कि सभी शिक्षक अपने विद्यार्थियों को लिंक को साझा कर उन्हें यह एॅप अपने मोबाइल में डाउनलोड करने के लिए प्रेरित करेंगे। साथ ही यह भी ट्रैक करेंगे कि कितने विद्यार्थियों द्वारा एॅप डाउनलोड किया गया है।इस लॉकडाउन पीरियड में यह एॅप निश्चित ही पठन-पाठन की व्यवस्था को सुचारू व निर्बाध बनाने में कारगर सिद्ध होगा।

