विज्ञापित पदों के लिए प्रत्येक वर्ग को आयु सीमा में 1 वर्ष की छूट दिये जाने की मांग ,सीएस से मिला कांग्रेस प्रतिनिधिमंडल
देहरादून ।महानगर कांग्रेस अध्यक्ष लालचन्द शर्मा के नेतृत्व में महानगर कांग्रेस के वरिष्ठ नेताओं के एक प्रतिनिधिमण्डल ने मुख्य सचिव से मुलाकात कर कोरोना महामारी काल के चलते राज्य सरकार द्वारा विभिन्न विभागों में रोजगार हेतु विज्ञापित पदों के लिए प्रत्येक वर्ग को आयु सीमा में 1 वर्ष की छूट दिये जाने की मांग की।
मुख्य सचिव को सौंपे ज्ञापन में कांग्रेसजनों ने कहा कि राज्य सरकार द्वारा उत्तराखण्ड प्रदेश में विभिन्न विभागों में भर्ती हेतु विज्ञप्ति जारी की जा रही हैं। विगत 4 वर्षों में उत्तराखण्ड राज्य में किसी भी सरकारी सेवा में भर्ती के लिए विज्ञप्ति जारी नहीं की गई तथा जो बेरोजगार नौजवान रोजगार की आस में बैठे थे उनकी आयु सीमा वर्तमान में विभिन्न विभागों के विज्ञापित पदों के लिए मांगी गई आयु सीमा से अधिक हो चुकी है जिससे उन नौजवानों में निराशा फैली हुई है। साथ ही कोरोना महामारी के चलते विगत एक वर्ष का कार्यकाल प्रत्येक क्षेत्र में शून्य रहा है। उन्होंने कहा कि यदि नियमतः प्रत्येक वर्ष इन पदों पर नियमित रूप से भर्ती के लिए विज्ञप्ति जारी होती तो इन बरोजगारों में से कई लोगों को उनकी आयु रहते आवेदन का अवसर मिलता तथा रोजगार के लिए पात्रता की श्रेणी में रह पाते परन्तु विगत 4 वर्ष से किसी भी विभाग में भर्ती के लिए विज्ञप्ति जारी न होने के कारण वे बरोजगार नवयुवक आयु सीमा पार करने के कारण इन पदों पर भर्ती के लिए आवेदन करने से वंचित हो गये हैं जो कि न्याय संगत नहीं है।
कांग्रेस प्रतिनिधिमण्डल ने मांग की कि किसी भी सरकारी विभाग में विज्ञप्ति जारी करने पर आयु सीमा में प्रत्येक वर्ग के अभ्यर्थियेां को कम से कम 1 वर्ष की छूट प्रदान करने का प्रावधान किया जाय ताकि जो लोग पिछले 4 वर्ष में अपनी आयु सीमा पार कर चुके हैं उन्हें भी अवसर मिल सके।
प्रतिनिधिमण्डल में महानगर अध्यक्ष लालचन्द शर्मा के अलावा प्रदेश सचिव शोभाराम, पूर्व विधायक राजकुमार, भरत शर्मा विवेक चौहान, राजेन्द्र खन्ना आदि शामिल थे।

