कांग्रेस ने मुनस्यारी आपदा में मारे गए लोगों के प्रति संवेदना जताई
देहरादून। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष प्रीतम सिंह ने जनपद पिथौरागढ़ के मुनस्यारी क्षेत्र के ग्राम टांगा एवं गैला गांव में प्राकृतिक आपदा से हुए भारी जानमाल के नुकसान पर गहरा दुःख व्यक्त किया है। प्रीतम सिंह ने आपदा में मारे गये लोगों के प्रति गहरा शोक व्यक्त करते हुए शोक संतप्त परिजनों के प्रति गहरी संवेदना प्रकट की है।
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष प्रीतम सिंह ने प्रत्येक वर्ष बरसात में होने वाली इन घटनाओं को उत्तराखण्ड राज्य के लिए अभिशाप बताते हुए कहा कि पहाड़ों में होने वाले ऐसे हृदय विदारक हादसों को रोकने के उपाय होने चाहिए तथा जो गांव अति संवेदनशील हैं उनका उचित स्थान पर समय रहते विस्थापन किया जाना चाहिए। प्रीतम सिंह ने मुख्यमंत्री त्रिवेन्द्र सिंह रावत को पत्र लिखकर पिथौरागढ़ के आपदा पीड़ितों को शीघ्र राहत पहुंचाने के उपाय किये जाने तथा मृतकों के परिजनों को 10-10 लाख रूपये तथा प्रभावित परिवारों को 5-5 लाख रूपये का मुआवजा दिये जाने की मांग की है।
मुख्यमंत्री त्रिवेन्द्र सिंह रावत को लिखे पत्र में प्रीतम सिंह ने कहा कि गत 20 जुलाई को हुई भारी बरसात से राज्य के कई जनपदों में जानमाल की भारी क्षति हुई है। जनपद पिथौरागढ़ की तहसील मुनस्यारी क्षेत्र के टांगा एवं गैला गांव में अतिवृष्टि एवं बादल फटने की घटनाओं के कारण पहाडी धंसने से भारी जन हानि हुई है। इस दुर्घटना में 5 लोगों की असमय मौत हो चुकी है तथा 9 लोग लापता बताये जा रहे हैं। भारी बरसात के कारण पूरे मुनस्यारी क्षेत्र का मुख्यालय से सम्पर्क टूट चुका है जिससे पीडितों तक राहत भी नहीं पहुंच पा रही है। राज्यभर में लगातार हो रही भारी बारिस एवं अतिवृष्टि से कई अन्य क्षेत्रों में भी भारी नुकसान के समाचार मिले हैं। मौसम विभाग की पूर्व चेतावनी के बावजूद राज्य के आपदा प्रबन्धन विभाग द्वारा दैवीय आपदा संभावित क्षेत्रों में सुरक्षा के कोई प्रबन्ध नहीं किये गये हैं। पिथौरागढ़ की घटना के बाद आपदा प्रभावित क्षेत्रों के लोगों के मन में दहशत का माहौल व्याप्त है। मौसम विभाग की चेतावनी के अनुरूप आने वाले दिनों में होने वाली भारी बरसात में प्रभावित क्षेत्रों के लोगों की जानमाल की सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करने हेतु समय रहते राज्य के आपदा प्रबन्धन विभाग को समुचित कदम उठाने के साथ ही संवेदनशील क्षेत्र के लोगों के उचित विस्थापन की व्यवस्था की जानी चाहिए।
प्रीतम सिंह ने सरकार से मांग की कि पिथौरागढ़ के मुनस्यारी क्षेत्र में दैवीय आपदा में मारे गये प्रत्येक मृतक के परिजनों को 10-10 लाख रूपये तथा प्रभावित परिवारों को 5-5 लाख रूपये का शीघ्र मुआबजा दिया जाय तथा प्रभावित क्षेत्र के लोगों की जानमाल की सुरक्षा करने तथा उनके समुचित विस्थापन की व्यवस्था सुनिश्चित की जाय।

