कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष प्रीतम सिंह ने महानगर के कई इलाकों में आपदा से प्रभावित क्षेत्रों का दौरा किया
देहरादून ।प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष श्री प्रीतम सिंह ने 9 अगस्त की रात्रि हुई भारी बरसात के बाद देहरादून महानगर के कई इलाकों में आई आपदा से प्रभावित क्षेत्रों का दौरा कर राहत कार्यों का जायजा लिया तथा स्थानीय प्रशासन को आवश्यक दिशा निर्देश दिये।
उपरोक्त जानकारी देते हुए प्रदेश महामंत्री संगठन विजय सारस्वत ने बताया कि प्रदेश अध्यक्ष श्री प्रीतम सिंह ने प्रदेश कार्यालय में आयोजित धरना कार्यक्रम के उपरान्त महानगर के आपदा प्रभावित गांधी बस्ती, पंचपुरी डालनवाला क्षेत्र का दौरा कर आपदा प्रभावित परिवारों से मुलाकात की तथा बचाव एवं राहत कार्यों का जायजा लिया। उन्होने घटना स्थल से उपजिलाधिकारी देहरादून से दूरभाष पर वार्ता कर आपदा प्रभावित क्षेत्रों में त्वरित गति से राहत एवं बचाव कार्यों में पीड़ितों की सहायता कर आवश्यक राहत सामग्री उपलब्ध कराने के निर्देश भी दिये। उन्होंने मुख्यमंत्री त्रिवेन्द्र सिंह रावत से भी मांग की कि राज्यभर में हो रही भारी बरसात के मद्देनजर प्रभावित क्षेत्रों में तत्काल राहत उपलब्ध कराई जानी चाहिए। श्री प्रीतम सिंह ने देहरादून शहर के गोविन्दगढ़, टीचर काॅलोनी, मित्रलोक कालोनी, जवाहर काॅलोनी, श्रीदेव सुमन नगर में आपदा से हुए नुकसान की भी जानकारी प्राप्त की तथा प्रभावितों को उचित मुआवजा दिये जाने की मांग की।
इस अवसर पर पूर्व विधायक राजकुमार, महानगर अध्यक्ष लालचन्द शर्मा, पार्षद आनन्द त्यागी, प्रवीन त्यागी, जागीर खान, अरूण कुमार आदि भी मौजूद थे।
