गणेश और यमराज की भेषभूषा में लोगों को ट्रैफिक नियमों को पालन करने का संदेश

Spread the love

चमोली।सड़क सुरक्षा सप्ताह के तहत सुरक्षित यातायात के प्रति लोगों को जागरूक करने के लिए सोमवार को गोपेश्वर और कर्णप्रयाग नगर क्षेत्र में अनोखा तरीका अपनाया गया। यहाॅ पर गणेश और यमराज की भेषभूषा में लोगों को ट्रैफिक नियमों को पालन करने का संदेश दिया गया। लोगों को बताया गया कि ट्रैफिक नियमों की अनदेखी करने पर ही दुर्घटनाएं होती है और यमराज उठा कर ले जाते है वही भगवान गणेश जी की भेषभूषा से यह संदेश देने का प्रयास किया गया कि गणेश जी को तो दूसरा सिर मिल गया था, लेकिन आप को नही मिल सकता।

जिलाधिकारी स्वाति एस भदौरिया के नेतृत्व में परिवहन एवं बाल विकास विभाग के संयुक्त तत्वाधान में गोपेश्वर पेट्रोल पम्प के निकट एवं बस स्टेशन पर लोगों को यातायात नियमों का पालन करने, वाहन चलाते समय सीट बेल्ट लगाने, मोबाइल फोन का प्रयोग न करने, दुपहिया वाहन चलाते समय हैलमेट पहनने और यातायात नियमों का पूरी तरह से पालन करने के प्रति जागरूक किया गया। वही बेटी बचाओ बेटी पढाओं योजना के तहत दोपहिया वाहन चला रही बालिकाओं को जिलाधिकारी ने हैलमेट देकर सदैव ट्रैफिक नियमों का पालन करने पर जोर दिया।

एआरटीओ आल्विन राॅक्सी ने बताया कि 31वें सड़क सुरक्षा सप्ताह के तहत लोगों को ट्रैफिक नियमों का पालन करने के प्रति जागरूक किया जा रहा है, ताकि सड़क दुर्घटनाओं को कम किया जा सके। सड़क सुरक्षा सप्ताह के दौरान वाहन चालकों और आम जनता को पर्चे पोस्टर और बैनर के माध्यम से जागरूक किया जा रहा है। विभाग के प्रवर्तन दल ने सीट बेल्ट और हेलमेट न पहनने पर कारवाई भी की है। गोपेश्वर और कर्णप्रयाग नगर क्षेत्रों में जागरूकता अभियान के तहत सोमवार को यातायात नियमों का पालन न करने पर लगभग 20 वाहनों के चालान तथा बिना हेलमेट के दुपहिया वाहन चलाने पर 15 लोगों के लाइसेंस निलंबन की कार्यवाही भी की गई। परिवहन विभाग के विपुल शर्मा गणेश जी तथा राकेश नेगी यमराज की भेषभूषा में लोगों जागरूक करते दिखे। इस दौरान डीपीओ संदीप कुमार, एआरटीओ आल्विन राक्सी सहित अन्य अधिकारी भी मौजूद रहे।

देवभूमि खबर

Related articles