जनपद स्तरीय प्रशिक्षण कार्यशाला आयोजित
पौड़ी।‘लोक योजना अभियान, सबकी योजना सबका विकास‘ के तहत मिशन अन्त्योदय सर्वे एवं जी.पी.डी.पी.(ग्राम पंचायत विकास कार्यक्रम) निर्माण कार्य के सफल सम्पादन हेतु आज आयुक्त सभागार पौड़ी में जिलाधिकारी धीराज सिंह गर्ब्याल की अध्यक्षता में जनपद स्तरीय प्रशिक्षण कार्यशाला आयोजित की गई। उन्होंने सर्वेक्षण के कार्य में सभी रेखीय विभागों के अलावा खंड विकास अधिकारियों की भूमिका को अहम बताया। इस मौके पर जिलाधिकारी ने सभी बीडीओ को सर्वेक्षण के कार्य को तेजी के साथ सम्पन्न करने के निर्देश दिये।
जिलाधिकारी ने कहा कि गांव के विकास के लिए शुरू की गई मिशन अंत्योदय के तहत सभी ग्राम सभाओं की योजनाएं, सुविधाएं तथा आर्थिक आजीविका आदि को ध्यान में रखते हुए सर्वे कार्य शुरू होगा। कहा कि सरकार की ओर से संचालित कल्याणकारी योजनाओं को लेकर तथा योजनाओं के लिए विभागों की ओर से तैयार किये गये प्लान में क्या अन्तर है, इस बात का गहनता से सर्वें किया जाएगा। कहा कि नव निर्वाचित ग्राम प्रधानों की बैठकों में भी इस विषय पर मंथन किया जाएगा। योजनाओं को संचालित करने और उसके क्रियांवयन के लिए तैयार प्लान में क्या अन्तर है, किस क्षेत्र में कौन से योजना सही है, के मुद्दों पर भी चर्चा की जाएगी। कहा कि ग्रामीण स्तर पर विकास योजनाओं के लिए वास्तविक स्तर पर बजट की स्थिति भी तैयार की जाएगी। जिस योजना को पहले तैयार किया जाना है उसी के लिए बजट आवंटित किया जाएगा। यही नहीं छोटी योजना के बजट को दूसरी बड़ी योजना के लिए भी अवमुक्त किया जाएगा। कहा कि जिस कार्य की जरूरत पहले होगी उसे ही वरियता दी जाएगी। उन्होंने बताया कि सरकार की मंशा है कि सभी जरूरतमंद लोगों को योजनाओं का समुचित लाभ प्राप्त हो सकें। साथ ही सरकारी योजनाओं से आम लोग लाभांवित हो सकंें। यह सर्वे 2 दिसम्बर से लेकर 02 मार्च 2020 तक संचालित होगा। जो कि जनपद की सभी 1174 ग्राम सभाओं में सर्वेयर के माध्यम से किया जाएगा। उन्होंने सभी रेखीय विभागों को शासन से प्राप्त दिशा निर्देशों के अनुसार ही कार्य करने को कहा। जिलाधिकारी ने सभी संबंधित रेखीय विभागों को 04 दिन के भीतर रोस्टर बनाने के निर्देश दिये। सर्वे कार्य के लिए अन्य विभागों से भी सहयोग लेकर एवं आंगनबाड़ी वर्कर आदि के माध्यम से कार्य करने के भी निर्देश दिये।
प्रशिक्षण का संचालन करते हुए जिला पंचायत राज अधिकारी एम.एम. खान ने योजना के उद्देश्यों पर विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने कहा कि सर्वेक्षण के तहत सभी कार्य ई-प्रणाली पर आधारित होंगे। जनपद के सभी ग्राम सभाओं में होने वाले इस सर्वे में बुनियादी सुविधाओं का मुल्यांकन किया जाएगा। जिसमें बिजली, पानी, शौचायल, स्वच्छता आदि शामिल हैं। उन्होंने कहा कि सभी संबंधित रेखीय विभागों को इस कार्यक्रम के लिए विभागीय जानकारियों को पहले से ही पोस्टर के माध्यम से प्रचार प्रसार करेंगे। तभी सर्वे के दिन ग्रामीण इस बात को सुनिश्चित करेंगे कि यह योजना ग्राम पंचायत में संचालित हो पायी अथवा नहीं। सर्वे में ग्राम पंचायतों को अंक भी दिये जाएंगे।
इस मौके पर मुख्य विकास अधिकारी हिमांशु खुराना, परियोजना निदेशक एसएस शर्मा, सहायक परियोजना निदेशक सुनील कुमार, मुख्य कृषि अधिकारी देवेंद्र सिंह राणा, मुख्य उद्यान अधिकारी डा. नरेंद्र कुमार, बीडीओ कोट अमर सिंह, बीडीओ दुगड्डा जयेंद्र भारद्वाज बीडीओ रिखणीखाल एसपी थपलियाल, प्रभारी बीडीओ द्वारीखाल जयकृत सिंह बिष्ट, बीडीओ जयहरीखाल आरएस बिष्ट, परियोजना अधिकारी उरेड़ा शिव सिंह मेहरा सहित संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

