वन विभाग के एसडीओ पर हमले के विरोध में जन संघर्ष मोर्चा मुखर, सिस्टम पर उठाए सवाल
विकासनगर:वन विभाग कालसी के एसडीओ राजीव नयन नौटियाल पर हुए हमले के मामले में जन संघर्ष मोर्चा खुलकर उनके समर्थन में उतर आया है। मोर्चा ने इस घटना को न केवल एक अधिकारी पर हमला बताया, बल्कि पूरे प्रशासनिक तंत्र की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े किए हैं।
मोर्चा के जिला मीडिया प्रभारी प्रवीण शर्मा पिन्नी ने बताया कि 27 फरवरी को एसडीओ नौटियाल पर माफिया तत्वों द्वारा किया गया हमला अत्यंत चिंताजनक है। उन्होंने कहा कि इस घटना के बाद विभाग की ओर से अपेक्षित सख्त कार्रवाई और ठोस समर्थन सामने नहीं आया, जो दुर्भाग्यपूर्ण है।
मोर्चा ने आरोप लगाया कि एक ईमानदार और कर्मठ अधिकारी का मनोबल बढ़ाने के बजाय उन्हें माफिया दबाव में हल्द्वानी स्थानांतरित किया गया, जिस पर न्यायालय द्वारा रोक लगाई गई है। पिन्नी ने सवाल उठाया कि ईमानदारी से कार्य करने वाले अधिकारियों को आखिर क्यों अकेला छोड़ दिया जाता है और माफिया तत्वों के हौसले इतने बुलंद क्यों हैं।
उन्होंने कहा कि यदि समय रहते ऐसे मामलों में कठोर कार्रवाई नहीं की गई तो इससे प्रशासनिक व्यवस्था की साख पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ेगा। मोर्चा ने सरकार और प्रशासन से अधिकारी की सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम करने की मांग की है।
पिन्नी ने यह भी कहा कि पछवादून क्षेत्र में सक्रिय माफिया और उगाही गिरोहों के खिलाफ मोर्चा सख्त रुख अपनाएगा और किसी भी सूरत में उन्हें बख्शा नहीं जाएगा।
मोर्चा ने पूरे मामले की निष्पक्ष जांच, दोषियों की शीघ्र गिरफ्तारी और संबंधित अधिकारी की सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग की है। साथ ही चेतावनी दी कि यदि शीघ्र कार्रवाई नहीं हुई तो रेत-बजरी कारोबार के खिलाफ आंदोलन शुरू किया जाएगा।
पत्रकार वार्ता में प्रमोद शर्मा और अतुल हांडा भी उपस्थित रहे।

