टिहरी में ढाबे में लगी आग पर फायर सर्विस का त्वरित काबू, दो घायलों की बची जान
टिहरी ।फायर सर्विस की तत्परता से एक बड़ा हादसा टल गया। सोमवार, 4 मई 2026 को सुबह लगभग 10:45 बजे PWD तिराहा के पास एक ढाबे में आग लगने की घटना सामने आई, जिससे मौके पर अफरा-तफरी मच गई।
जानकारी के अनुसार, घटना के समय एक भट्टी जल रही थी और दूसरी भट्टी पर गैस सिलेंडर बदला जा रहा था। इसी दौरान कमर्शियल गैस सिलेंडर ने अचानक आग पकड़ ली, जिससे स्थिति गंभीर हो गई।
इसी बीच मौके से गुजर रही फायर यूनिट नरेंद्रनगर ने तुरंत कार्रवाई करते हुए घटनास्थल पर पहुंचकर आग पर काबू पा लिया और संभावित बड़े हादसे को टाल दिया।
घटना में घायल हुए दो लोगों—श्रीमती नविता (35 वर्ष) और श्री प्रमोद कुमार (49 वर्ष), निवासी सिंबलचौड़, कोटद्वार—को फायर सर्विस और स्थानीय पुलिस की मदद से तुरंत कपरुवान हॉस्पिटल, कैलाश गेट पहुंचाया गया। प्राथमिक उपचार के बाद दोनों को उपजिला चिकित्सालय ऋषिकेश रेफर किया गया, जहां उनकी हालत अब खतरे से बाहर बताई जा रही है।
टिहरी पुलिस और फायर सर्विस की त्वरित एवं समन्वित कार्रवाई से न केवल आग पर समय रहते नियंत्रण पाया गया, बल्कि एक बड़ी जनहानि होने से भी बचाव हो सका।

