डॉ धन सिंह ने किया थलीसैंण के मज्यूर गांव में टिंचरी माई (दीपा नौटियाल) का स्मारक एवं मूर्ति के भूमि पूजन कर शिलान्यास
पौड़ी। उच्च शिक्षा, सहकारिता, दुग्ध विकास, प्रोटोकॉल (स्वतन्त्र प्रभार) मंत्री डा. धन सिंह रावत ने अपने विधान सभा क्षेत्र के तीन दिवसीय भ्रमण के तहत आज थलीसैंण के मज्यूर गांव में टिंचरी माई (दीपा नौटियाल) का स्मारक एवं मूर्ति के भूमि पूजन कर शिलान्यास किया।
मंत्री डाॅ. रावत ने कहा कि टिंचरी माई अपने आप में एक कर्मठ महिला थी, वह हर समस्याओं को लेकर संघर्षरत रहती थी। टिंचरी माई ने नशामुक्ति के खिलाफ एक बड़ा आंदोलन किया था तथा कोटद्वार के सिगड़ी क्षेत्र में पानी की समस्या होने पर दिल्ली जाकर प्रधानमंत्री से मुलाकात भी की थी। उन्होंने कहा कि निर्माण कार्य पूर्ण होने पर हर वर्ष माह जून में स्मारक स्थल पर भव्य आयोजन भी किया जाएगा। उन्होंने टिंचरी माई का स्मारक बनाए जाने को लेकर संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि जल्द स्मारक का कार्य पूर्ण करें। साथ ही उन्होंने स्मारक के पास सूचना पट पर उनका पूरा इतिहास लिखने को भी कहा। उन्होंने कहा कि इससे यह फायदा होगा कि टिंचरी माई का इतिहास जानने के लिए पर्यटक दूर-दूर से यहां पहुंचेंगे। उन्होंने अपने संबोधन में कहा कि थलीसैंण क्षेत्र के एक इंटर कॉलेज को चयनित कर टिंचरी माई के नाम से रखा जाएगा, जिससे देश व प्रदेश भर में हर कोई उनको याद कर सके।
मंत्री डॉ. धन सिंह रावत ने कहा की श्रीनगर विधानसभा के अंतर्गत 10 महापुरुषों का स्मारक बनाने का निर्णय लिया गया था, जिसमें ज्यादातर स्मारक बन चुके हैं। कहा कि भक्त दर्शन नाम एक बहुत ही बड़ा नाम है, जिन्होंने अपने समय में जनता की विभिन्न समस्याओं को लेकर संघर्ष किया। उन्होंने उनके नाम से अब हर वर्ष उत्तराखण्ड के 05 शिक्षकों को भक्त दर्शन अवार्ड दिये जाने की बात कही। इसके अलावा उन्होंने कहा कि हंसेश्वर महादेव में चार दीवारी व शौचालय का निर्माण जल्द किया जाएगा। उन्होंने कहा कि थलीसैंण में रोजगार परक सम्बन्धी कोर्स शुरू किए जाएंगे, जिसमें लोगों को 6 माह प्रशिक्षण देकर प्रमाण पत्र दिया जाएगा। कहा कि गंगाऊ में स्टेडियम भी बनाया जाएगा। इससे पूर्व उनके द्वारा देवलसैण-झलपाणी, धांदणखेत-कुल्याणी में जनसम्पर्क किया गया तथा हस्यूड़ी व पोखरी में स्वच्छता अभियान के तहत ग्रामीणों को डस्टबिन वितरित किये गये। तत्पश्चात् उनके द्वारा गंगाऊ व मझगांव से जनसम्पर्क भी किया गयां
इस अवसर पर सांसद प्रतिनिधि जगदीश प्रसाद मंमगांई सहित सुरेन्द्र नेगी, आनन्द सिंह, नवीन जोशी, मनवर सिंह बिष्ट, प्रताप सिंह, अन्य जनप्रतिनिधि/पदाधिकारी एवं ग्रामीण मौजूद थे।

