सीएम त्रिवेंद्र रावत ने की केंद्रीय नागरिक उड्डयन मंत्री श्री हरदीप सिंह पूरी से भेंट
देहरादून।मुख्यमंत्री श्री त्रिवेन्द्र सिंह रावत ने सोमवार को नई दिल्ली में केंद्रीय मंत्री नागरिक उड्डयन और शहरी विकास श्री हरदीप सिंह पूरी से भेंट की।
मुख्यमंत्री के आग्रह पर केंद्रीय मंत्री ने कहा कि उड़ान योजना में देहरादून-पिथौरागढ़-हिण्डन मार्ग और सहस्त्रधारा-चिन्यालीसौड़-गौचर मार्ग पर हवाई सेवाएं नियमित करने के लिए फिर से टेंडर किए जाएंगे। जल जीवन मिशन में उत्तराखण्ड के सभी बड़े और छोटे शहरों को शामिल करने की भी केंद्रीय मंत्री ने स्वीकृति दे दी है। साथ ही केंद्रीय मंत्री ने पंतनगर ग्रीन फील्ड हवाई अड्डे को अंतर्राष्ट्रीय स्तर का बनाने के लिए भारतीय विमानपत्तन प्राधिकरण से सेवाएं उपलब्ध कराने तथा पिथौरागढ़ स्थित नैनीसैनी हवाई पट्टी का भारतीय विमानपत्तन प्राधिकरण द्वारा हस्तगत किए जाने के लिए सर्वे कराने की बात कही है।

