HTML tutorial
HTML tutorial

सांसद अनिल बलूनी के आवास पर होली मिलन समारोह, गढ़वाली गीतों पर झूमे प्रवासी उत्तराखंडी

सांसद अनिल बलूनी के आवास पर होली मिलन समारोह, गढ़वाली गीतों पर झूमे प्रवासी उत्तराखंडी
Spread the love

नई दिल्ली। होली के पावन पर्व पर पर्वतीय लोक विकास समिति एवं भाजपा हिमालय परिवार के मुख्य संयोजक सीए राजेश्वर पैन्यूली की ओर से पौड़ी गढ़वाल के सांसद अनिल बलूनी के आवास पर भव्य होली मिलन समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में उत्तराखंड की लोक संस्कृति और पारंपरिक रंगों की झलक देखने को मिली।

इस अवसर पर सांसद अनिल बलूनी अपने परिवार के साथ गढ़वाली गीतों पर जमकर थिरके। उनकी धर्मपत्नी ने उपस्थित अतिथियों का अबीर-गुलाल लगाकर स्वागत किया तथा सभी को स्वादिष्ट जलपान भी कराया। कार्यक्रम का माहौल पूरी तरह होली के रंगों और उल्लास से सराबोर रहा।
सांसद अनिल बलूनी ने कार्यक्रम के सफल आयोजन के लिए सीए राजेश्वर पैन्यूली और उनकी पूरी टीम को लगातार दूसरे वर्ष आयोजन कराने पर बधाई दी।

उन्होंने कहा कि होली का त्योहार आपसी भाईचारे, प्रेम और सद्भाव का संदेश देता है, इसलिए हमें इस पर्व को मिल-जुलकर मनाना चाहिए। उन्होंने सभी से परस्पर प्रेम और सौहार्द बनाए रखने की अपील करते हुए उत्तराखंड के विकास के लिए हर संभव सहयोग का भरोसा भी दिया।

बलूनी ने विशेष रूप से प्रवासी उत्तराखंडियों से अपील की कि वे पर्व-त्योहारों के अवसर पर अपने गांवों में जाकर इस परंपरा को जीवित रखें।

कार्यक्रम के आयोजक एवं भाजपा आर्थिक प्रकोष्ठ के सहसंयोजक सीए राजेश्वर पैन्यूली ने बताया कि होली मिलन समारोह का आयोजन हर वर्ष किया जाता है ताकि समाज में आपसी भाईचारा और सामाजिक समरसता को मजबूत किया जा सके। उन्होंने कहा कि होली केवल रंगों का त्योहार ही नहीं, बल्कि हमारी सभ्यता और संस्कृति को जीवंत बनाए रखने का भी प्रतीक है।

उन्होंने कहा कि होली का पर्व हमें यह संदेश देता है कि जैसे रंग आपस में घुलमिल जाते हैं, वैसे ही समाज के सभी लोगों को भी मिलजुलकर रहना चाहिए।

इस अवसर पर भाजपा के राष्ट्रीय प्रवक्ता सैयद जफर इस्लाम, प्रदीप भंडारी, भाजपा हिमालय परिवार के राष्ट्रीय संयोजक प्रोफेसर सूर्य प्रकाश सेमवाल, संजय तडियाल, वीर सिंह, मंजू बिष्ट, मुरार कंडारी सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे।

देवभूमि खबर

Related articles