पर्वतीय इलाकों में बारिश-बर्फबारी की संभावना बरकरार

Spread the love

हल्द्वानी। पर्वतीय क्षेत्रों में भारी बर्फबारी के बाद तापमान में भी जबरदस्त गिरावट आयी है। पर्वतीय इलाकों में कई स्थानों पर तापमान माइनस डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया है। मैदानी इलाकों में शीतलहर का प्रकोप शुरू हो गया है। आलम यह है कि चटख धूप निकलने के बावजूद लोगों को सर्दी का अहसास हो रहा है।
मौसम विशेषज्ञों के अनुसार पश्चिमी विक्षोभ की सक्रियता अभी भी बरकरार है। उत्तराखंड में आंशिक रूप से बादल छाये हुये हैं। यहां उत्तरकाशी, चमोली, पिथौरागढ़ के 2500 मीटर से ज्यादा ऊंचाई वाले इलाकों में कहीं कहीं हल्की बर्फबारी के आसार हैं। राज्य के शेष स्थानों में मौसम शुष्क रहेगा। इसके अलावा उत्तराखंड में कई स्थानों पर न्यूनतम तापमान माइनस डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया है। नैनीताल जिले में मुक्तेश्वर में तापमान -0.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया है। इधर हल्द्वानी में आज सुबह मौसम साफ हो गया। तीन दिनों से हो रही बारिश के चलते जनजीवन अस्त व्यस्त हो गया था। चटख धूप निकलने से लोगों ने धूप का आनंद लिया। हालांकि सर्द हवायें भी चल रहीं थीं। यहां तापमान में आने वाले समय में और भी गिरावट आने के आसार हैं। फिलहाल हल्द्वानी पंतनगर में अधिकतम तापमान 20 डिग्री सेल्सियस तथा न्यूनतम तापमान 8.1 डिग्री सेल्सियस किया गया।

देवभूमि खबर

Related articles