गुरुकुल कांगड़ी के छात्रों का विरोध-प्रदर्शन पांचवें दिन भी जारी रहा
हरिद्वार, ।देवभूमि खबर।। गुरुकुल कांगड़ी विश्वविद्यालय में छात्र कल्याण परिषद द्वारा पांचवें दिन भी विश्वविद्यालय प्रशासन के खिलाफ प्रदर्शन जारी रहा। जिसमें कन्या गुरुकुल की छात्राएं एवं छात्र संघ पदाधिकारी भी समर्थन देने पहुंचे ।इस मौके पर छात्र संघ अध्यक्ष राहुल शर्मा ने विश्वविद्यालय प्रशासन पर निशाना साधते हुए कहा कि विश्वविद्यालय की अनुशासन समिति के सदस्यों द्वारा कक्षाओं का बहिष्कार करने पर छात्रों को डराया धमकाया जा रहा है और भविष्य खराब करने की धमकी बार-बार दी जा रही है। जिसके चलते छात्रों का रोष कम नहीं हो रहा है।उन्होंने कहा कि छात्रों ने स्वयं से कक्षाओं का बहिष्कार करके धरना स्थल पर पहुंच कर छात्र संघ पदाधिकारियों का समर्थन किया है। साथ ही कन्या गुरुकुल से छात्र संघ उपाध्यक्ष राखी पवार व जिला छात्रा प्रमुख चंचल तंवर ने कहा कि कन्या गुरुकुल विश्वविद्यालय की छात्राओं के धरने पर उपस्थित होने पर विश्वविद्यालय प्रशासन द्वारा छात्राओं पर भी लगातार दबाव बनाया जा रहा है। इतना ही नहीं कई शिक्षकों के द्वारा छात्र कल्याण परिषद की मांग का समर्थन भी किया गया। इस मौके पर छात्र संघ उपाध्यक्ष दीपक प्रजापति ने कहा कि गुरुकुल कांगड़ी विश्वविद्यालय में अधिकांश शिक्षकों के द्वारा पूरे वर्ष कक्षाएं नहीं ली जाती है ,जो ज्यादातर लंच के पश्चात अपने घर चले जाते हैं और अपने घर के कार्यों में लग जाते हैं।वही जिला संयोजक एवं विभाग प्रमुख प्रशांत पवार द्वारा कहा गया कि जल्द ही छात्र प्रतिनिधि मंडल जिला प्रशासन से मुलाकात करेगा और विश्वविद्यालय प्रशासन द्वारा छात्रों पर हो रहे अन्याय को लेकर बात करेंगा।

