बांधों के निर्माण से बढ़ रहा पलायन ,खतरे में गंगा का अस्तित्व:बीना चौधरी

Spread the love

रुद्रप्रयाग।देवभूमि खबर।रुद्रप्रयाग मुख्यालय में पत्रकारों को जानकारी देते हुए गंगा बिरादरी की प्रदेश संयोजक बीना चौधरी ने कहा कि जल पुरूष राजेंद्र सिंह के निर्देश पर 22 मई से उत्तराखंड में गंगा अविरल यात्रा निकाली जाएगी। इसकी शुरूआत बदरीनाथ क्षेत्र के माणा गांव से होगी। 23 मई को यात्रा रुद्रप्रयाग पहुंचेगी, जबकि 24 को यात्रा श्रीनगर में पहुंचेगी। यहां यात्रा के राष्ट्रीय संयोजक राजेंद्र सिंह श्रीनगर में यात्रा को लेकर वृहद जानकारी देंगे। तीन जून को यात्रा देहरादून पहुंचेगी। इसी दिन ऋषिकेश में शत्रुघ्न घाट में संगोष्ठी एवं गंगा आरती की जायेगी।
बीना चैधरी ने कहा कि हम पहाड़ के विकास को अवरुद्ध नहीं करना चाहते हैं, मगर पहाड़ के हित और गंगा की रक्षा के लिए बड़ी जल विद्युत योजनाओं का विरोध किया जा रहा है। यहां छोटी-छोटी परियोजनाएं बननी चाहिए, जिससे लोगों को रोजगार मिल सके। जल, जंगल और जमीन की रक्षा के लिए गंगा को बचाना जरूरी है। बड़े बांधो के कारण पौराणिक मठ-मंदिरों को क्षति पहुंचाई जा रही है। साथ ही लोग पलायन को मजबूर हो रहे हैं। कहा कि देवप्रयाग से ऋषिकेश तक कोटली भेल परियोजना के अन्तर्गत तीन बांध बनने से देवप्रयाग संगम स्थल को भी अराध्य शक्तिपीठ धारी देवी मंदिर की तर्ज पर डूबो दिया जायेगा और वहां के काश्तकारों को विकास के नाम पर और उनकी जमीनों का कुछ मुआवजा नौकरी का लालच देकर पलायन को बढ़ावा दिया जायेगा। इन बांधों के बनने से बाहरी कंपनियां राज्य में बहुत बड़ा मुनाफा तो कमाती ही हैं, लेकिन यहां के लोगों को कोई फायदा नहीं होता है। स्थानीय लोगों को कुछ दिन का रोजगार देकर उनकी जल, जंगल, जमीन सरकार व कंपनियां हड़प लेती हैं और बांध बनने के बाद उन्हें नौकरी से निकाल दिया जाता है। अब जल बिरादरी संगठन ऐसा नहीं होने देगा। जल बिरादरी संगठन पूरे राज्य में अपने संगठन की नींव रखने जा रहा है और पूरे प्रदेश में ग्रामीण स्तर से लेकर प्रदेश स्तर तक संगठन खड़ा करने जा रहा है। जल बिरादरी संगठन से प्रदेश में तमाम महिलाएं जुड़ रही हैं और अब महिलाएं और युवा यहां के पंच प्रयागों और जल, जंगल व जमीन को बचाने का बीड़ा उठायेंगे। कहा कि गंगा की रक्षा के लिए पूरे राज्य में जल बिरादरी के संगठन को व्यापक रूप देते हुए मजबूत किया जाएगा। इसके लिए लोगों को जागरूक किया जा रहा है। यदि सरकार गंगा की रक्षा के लिए कदम नहीं उठाती, तो आंदोलन किया जाएगा। इस मौके पर डॉ हेमा पुष्पवाण, कृष्णानंद डिमरी, सुशीला भंडारी, विनोद कप्रवान, जगमोहन झिंकवाण, देवेंद्र चमोली, देवेश्वरी नेगी आदि मौजूद थे। वहीं दूसरी ओर बाइक में चारधाम यात्रा करके लौटे झबरेड़ा (हरिद्वार) विधायक देशराज कर्णवाल ने रुद्रप्रयाग मुख्यालय में पत्रकार वार्ता के दौरान गंगा बिरादरी संगठन का समर्थन करते हुए कहा कि गंगा को स्वच्छ रखा जाना जरूरी है। उन्होंने भी माना कि परियोजनाओं के निर्माण से पलायन बढ़ रहा है। कहा कि वे इस मामले में मुख्यमंत्री से वार्ता करेंगे।

।देवभूमि खबर।

देवभूमि खबर

Related articles