लोक सभा सामान्य निर्वाचन की मतगणना के संबंध में राजनीतिक दलों की बैठक

Spread the love

रुद्रप्रयाग।देवभूमि खबर।लोक सभा सामान्य निर्वाचन की मतगणना के संबंध में विभिन्न राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ जिला कार्यालय सभागार में बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता करते हुए जिला निर्वाचन अधिकारी मंगेश घिल्डियाल ने बताया की अगस्त्यमुनि क्रीडा मैदान में 23 मई को प्रातः आठ बजे से मतगणना प्रारम्भ होगी। जिला निर्वाचन अधिकारी ने समस्त पार्टी के प्रतिनिधियों को अतिशीघ्र मतगणना व रिसीलिंग के लिए एजेंट नियुक्त कर सूची उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। जिला निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि समस्त मतगणना टेबल के लिए एक-एक मतगणना एजेंट की नियुक्ति व इस बार परिणाम घोषित होने के बाद ईवीएम मशीनों की रिसीलिंग की जानी है। बताया कि मतगणना स्थल में मोबाइल पूर्णतः वर्जित रहेगा। मतगणना को पारदर्शी बनाने के लिए प्रत्येक टेबल में सुपरवाईजर, गणना सहायक व एक माइक्रो आॅबजर्वर की नियुक्ति की जाएगी। जिला निर्वाचन अधिकारी ने समस्त राजनैतिक प्रतिनिधियों को मतगणना प्रक्रिया की पूर्ण जानकारी दी। जिला निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि मतगणना कार्य को पूरी शुद्धता, निष्पक्षता एंव पारदर्शिता से सम्पन्न कराने के लिए जिला प्रशासन द्वारा सभी तैयारियाॅ पूरी कर ली गई हैं। मतगणना कार्मिकों को दो बार सैद्धांतिक एवं व्यवहारिक प्रशिक्षण प्रदान किया गया है। उन्होंने बताया कि ईवीएम की स्ट्रांग रूम से मतगणना कक्ष में लाने और ले जाने के लिए कुशल कार्मिको को नामित किया गया है तथा ईवीएम की हर पल कैमरों की निगरानी में रहेगी। जिला निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि मीडिया एवं जन सामान्य तक त्वरित गति से मतगणना परिणामों को पहुॅचाने के लिए भारत निर्वाचन आयोग द्वारा लाॅच किए गए ’’सुविधा एप’’ का प्रयोग किया जाएगा जिससे मीडिया को त्वरित व ससमय डाटा प्राप्त हो सके। उन्होंने डाटा फीडिंग के लिए नियुक्त कार्मिकों को निर्देशित करते हुए कहा कि डाटा की शुद्धता के लिए हस्तलिखित, एक्सेल शीट का मिलान अवश्य कर लें। डाटा फीडिंग में किसी भी प्रकार की जल्दबाजी न करें तथा डाटा को पूरी सावधानी से एप पर अपलोड करना सुनिश्चित करें। उन्होंने सभी एआरओ को निर्देशित करते हुए कहा कि स्ट्रांग रूम से ईवीएम मशीनों के मतगणना टेबल पर पहुंचाने एवं पुनः मतगणना स्थल से स्ट्रांग रूप तक पहुंचाने की निर्बाध वीडियोग्राफी की जाय। स्ट्रांग रूम से ईवीएम को सम्बन्धित विधानसभाओं के मतगणना कक्ष तक लाने और ले जाने के लिए निर्धारित रास्ते पर सुलभ आवागमन के लिए व्यवस्थाएं करने के निर्देश दिए। इस अवसर पर राजनैतिक दल बीजेपी के ईश्वर सिह बिष्ट, कांग्रेस के कुलदीप काला, यूकेडी के राजेन्द्र नौटियाल, एसपी अजय सिंह, अपर जिला निर्वाचन अधिकारी अरविन्द पाण्डे, एसडीएम सदर बृजेश तिवारी, ऊखीमठ परमानंद, मायादत्त जोशी, सीवीओ डाॅ आर सी नितवाल, जिला सेवायोजन अधिकारी कपिल पाण्डे, प्रधानाचार्य आईटीआई नितिन शर्मा, डीएसओ के एस कोहली सहित अन्य अधिकारी उपस्थित थे।

देवभूमि खबर

Related articles