वायुसेना ने पुलवामा हमले के 13वें दिन एयर स्ट्राइक की और 250 से ज्यादा आतंकी मार गिराए:अमित शाह
अहमदाबाद ।एजेंसी।भारतीय वायुसेना द्वारा पाकिस्तान में घुसकर एयर स्ट्राइकपर विपक्ष के सबूत मांगने के बीच बीजेपी अध्यक्ष अमित शाह ने इस मुद्दे पर बयान दिया है। अहमदाबाद में एक कार्यक्रम के दौरान अमित शाह ने कहा कि भारतीय वायुसेना ने पुलवामा हमले के 13वें दिन एयर स्ट्राइक की और 250 से ज्यादा आतंकी मार गिराए।
अहमदाबाद में लक्ष्य जीतो कार्यक्रम को संबोधित करते हुए अमित शाह ने कहा कि पिछले पांच साल के दौरान दो बड़ी आतंकी घटनाएं हुई हैं और उसका जवाब भी दिया गया। अमित शाह ने कहा, ‘पिछले 5 साल में दो बड़ी आतंकी घटनाएं हुईं- उरी और पुलवामा। उरी हमले के बाद हमारी सेना ने पाकिस्तान में घुसकर सर्जिकल स्ट्राइक की और हमारे जवानों की शहादत का बदला लिया।’
उन्होंने आगे कहा, ‘पुलवामा हमले के बाद सबको लगा कि अब सर्जिकल स्ट्राइक नहीं होगी लेकिन क्या हुआ? उस समय पीएम नरेंद्र मोदी के नेतृत्व वाली केंद्र सरकार ने 13वें दिन एयर स्ट्राइक की और 250 से ज्यादा आतंकी मार गिराए।’ बता दें कि कांग्रेस नेता दिग्विजय सिंह ने कथित तौर पर भारतीय वायुसेना द्वारा पाकिस्तान के बालाकोट में की गई एयर स्ट्राइक के सबूत जारी किए जाने की मांग की थी।

