केदार घाटी में महिला समूहों को होम स्टे योजना पर कार्य करने के निर्देश

रुद्रप्रयाग।देवभूमिबखबर। विकास भवन सभागार में जनपद के अन्तर्गत चिन्हित 17 माॅडल विलेजों (टेमरिया, भटवाडी, पीडा, कोठगी, बाडा, नवासू, लुठियाग, गैठाणा, दानकोट, डांगीबांगर, जैली, धडतगांव, देवांगना, सल्या, जालमल्ला, कालीमठ, त्रियुगीनारायण) की प्रगति को लेकर जिलाधिकारी मंगेश घिल्डियाल की अध्यक्षता में बैठक आयोजित की गई। बैठक में अनुपस्थित एनजीओ की गतिविधियों को जनपद में निरस्त करने की कार्रवाई के लिए सीडीओ को निर्देशित किया। कहा कि एनजीओं द्वारा आजीविका संवर्द्धन की बैठक में प्रतिभाग न करना खेदजनक है। एनजीओ द्वारा क्षेत्र में जो कार्य किए जा रहे हैं, उनका ब्यौरा बैठक में दिया जाए।
बैठक में जिलाधिकारी ने ऊखीमठ क्षेत्र में नेशनल रूरल लाइवलिहुड मिशन के अन्तर्गत कार्य कर रही महिला समूहों को केदारघाटी में होम स्टे पर कार्य करने के निर्देश दिए। कहा कि यात्रा में आने वाला प्रत्येक यात्री एवं श्रद्धालु घर के वातावरण में रहना चाहता है। इस दिशा में होम स्टे कारगर सिद्ध होगा। होम स्टे पारम्परिक पहाड़ी शैली में पठालों का बनाया जाय, जिससे लोग उत्तराखण्ड की संस्कृति, विरासत, कला आदि से रूबरू हो सकेंगे। इस अवसर पर जिलाधिकारी ने विकास विभाग, एनजीओ, आजीविका को क्षेत्रों मे किए गए कार्यो की सूची, लाभार्थी की डिटेल्स व फोटोग्राफ्स आगामी बैठक में लाने, गांव में जलवायु परिििथ्तयों के अनुरूप हर गांव में किसी विश्ष्टि क्षेत्र में कार्य कर माॅडल तैयार करने आदि के निर्देश दिए। कहा कि सब्जी उत्पादन से जनपद के काश्तकारों की आर्थिक स्थिति सुदृढ हो सकती है। इसके साथ ही आगामी रणनीति हेतु विचार किया गया। बैठक में मुख्य कृषि अधिकारी एसएस वर्मा ने बताया कि विभाग द्वारा वर्ष 2018-19 में माॅडल विलेज में 244 पर्वतीय हल, 1102 छोटे कृषि यंत्र, 16 पाॅवर वीडर व दो सिंचाई टैंक का निर्माण आदि सामाग्री दी गई है। जिला उद्यान अधिकारी योगेन्द्र सिंह द्वारा बताया गया कि वर्ष 2018-19 में उद्यान सचल दल, बुढना द्वारा 6.20 हैक्टेयर पर 620 किलो जीएस दस मटर बीज बोया गया था, जिससे लगभग 659 कुंतल मटर उत्पादित हुई थी। इस वर्ष जनपद में कुल 8,500 नाली पर पौधारोपण का लक्ष्य रखा गया है, जिसमें से 4750 नाली जमीन पर उद्यान विभाग व 3750 नाली पर आजीविका द्वारा पौधारोपण का कार्य किया जाएगा। मत्स्य निरीक्षक संजय ने बताया कि वर्ष 2018-19 में विभाग द्वारा टेमरिया, भटवाडी, जैली, दानकोट में तालाब निर्माण व बीज वितरण का कार्य किया गया। इस अवसर पर सीडीओ एमएस नेगी, पीडी रमेश चन्द्र सहित एनजीओ के प्रतिनिधि उपस्थित थे।

