डीएम स्वाति भदौरिया ने जनपद स्तरीय वन अग्नि सुरक्षा अनुश्रवण समिति की बैठक ली
चमोली।जिलाधिकारी स्वाति एस भदौरिया ने क्लेक्ट्रेट सभागार में जनपद स्तरीय वन अग्नि सुरक्षा अनुश्रवण समिति की बैठक लेते हुए वन विभाग को फायर सीजन में वनाग्नि की रोकथाम के लिए पूरी तैयारी रखने, लोगों को जागरूक करने एवं वनाग्नि के दौरान सभी विभागों को आपसी समन्वय बनाकर कार्य करने के निर्देश दिए। उन्होंने वनों में आग लगाने वाले असामाजिक तत्वों के खिलाफ नामजद प्राथमिकी दर्ज कराते हुए कडी कार्यवाही भी अमल में लाने को कहा।
जिलाधिकारी ने कहा कि वनाग्नि की ज्यादातर घटनाएं मानव जनित है, जिनको रोकने के लिए वन पंचायतों, महिला मंगल दलों को सक्रिय भूमिका निभानी होगी। उन्होंने वनाग्नि दुर्घटनाओं को रोकने के लिए समय से ग्राम समितियां गठित करने, संवेदनशील और अति संवेदनशील क्षेत्रों में पिरूल घास को साफ कर फायर लाईन बनाने, विद्यालयों में एवं न्याय पंचायत स्तर पर लोगों को जागरूक करने और फायर सीजन में पर्याप्त संख्या में फायर वाचर एवं ग्राम प्रहरी की तैनाती सुनिश्चित करने के निर्देश वन विभाग के अधिकारियों को दिए। उन्होंने निर्देश दिए कि वनों में आग लगाने वाले असामाजिक तत्वों को चिन्हित कर नामजद प्राथमिक दर्ज करते हुए कडी कार्यवाही भी अमल में लाई जाए। इसके अलावा जो भी महिला व युवक मंगल दल वनों की आग बुझाने में अच्छा सहयोग करते है उनको पुरस्कृत करने की बात कही। कहा फायर सीजन में जिस भी ग्राम पंचायत में वनाग्ति की एक भी घटना नही होगी उन ग्राम ंपंचायतों को भी पुरस्कृत किया जाए। जिलाधिकारी ने बीडीसी बैठकों में भी वनाग्नि सुरक्षा के संबध में जानकारी देने को कहा।

