पौधारोपण सबसे बड़ा धर्म, देवदार का पौधा दृढ़ निश्चय का प्रतीक: प्रो. ललित तिवारी

रिपोर्ट: ललित जोशी
नैनीताल। सरोवर नगरी नैनीताल स्थित डीएसबी कॉलेज में पर्यावरण संरक्षण का संदेश देते हुए पौधारोपण कार्यक्रम आयोजित किया गया। पूर्व छात्र एवं सामाजिक कार्यकर्ता तथा वनस्पति विज्ञान विभाग के डॉ. भुवन आर्य और विभागाध्यक्ष प्रो. ललित तिवारी के नेतृत्व में कॉलेज परिसर में पदम एवं देवदार के पौधों का रोपण किया गया।
इस अवसर पर विभागाध्यक्ष प्रो. ललित तिवारी ने कहा कि पौधारोपण सबसे बड़ा धर्म है। उन्होंने कहा कि देवदार का पौधा शुभता के साथ-साथ दृढ़ निश्चय और संकल्प का भी प्रतीक है। पर्यावरण संरक्षण के लिए प्रत्येक व्यक्ति को पौधारोपण के साथ-साथ लगाए गए पौधों की देखभाल का संकल्प भी लेना चाहिए।
डॉ. भुवन आर्य ने कहा कि पर्यावरण को संरक्षित रखने के लिए पौधारोपण बेहद जरूरी है। वर्तमान समय में बढ़ते पर्यावरणीय संकट को देखते हुए अधिक से अधिक पौधे लगाने और उनके संरक्षण की आवश्यकता है। उन्होंने विद्यार्थियों से पर्यावरण संरक्षण को अपनी जिम्मेदारी मानते हुए इसमें सक्रिय भागीदारी करने का आह्वान किया।
पौधारोपण कार्यक्रम में प्रो. सुषमा टम्टा, प्रो. नीलू लोधियाल, डॉ. नवीन पांडे, मोहित, लीला, शीतल कोरंगा और भावना पांडे सहित बीएससी प्रथम सेमेस्टर के छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों ने पौधों के संरक्षण और पर्यावरण को स्वच्छ एवं हरा-भरा बनाए रखने का संकल्प भी लिया।

