मजबूत लोकतंत्र के लिए मतदान में सबकी भागीदारी जरूरी है : हंसादत पांडेय
चमोली।मतदाता जागरूकता कार्यक्रमों को व्यापक स्वरूप देने एवं अगामी 25 जनवरी को 10वें राष्ट्रीय मतदाता दिवस पर आयोजित होने वाले कार्यक्रमों की रूपरेखा तैयार करने के उदेश्य से मुख्य विकास अधिकारी/उप जिला निर्वाचन अधिकारी हंसादत्त पांडे की अध्यक्षता में मंगलवार को स्वीप कोर कमेटी की बैठक संपन्न हुई। जिसमें मतदाता जागरूकता कार्यक्रमों का बूथ लेवल तक व्यापक प्रचार प्रसार कर मतदान में सबकी भागीदारी सुनिश्चित करने पर जोर दिया गया। मतदाता दिवस पर मुख्य कार्यक्रम जीआईसी गोपेश्वर में होगा। इसके साथ ही सभी विभागों, कार्यालयों एवं शिक्षण संस्थाओं में भी अपने मताधिकार के प्रयोग के लिए शपथ ली जाएगी।
सीडीओ/उप जिला निर्वाचन अधिकारी ने कहा कि मजबूत लोकतंत्र के लिए मतदान में सबकी भागीदारी जरूरी है। उन्होंने आगामी चुनावों में मतदान प्रतिशत को बढाने के लिए मतदाता जागरूकता कार्यक्रमों का बूथ लेवल तक व्यापक प्रचार प्रसार करने के निर्देश दिए। 10वें राष्ट्रीय मतदाता दिवस की थीम ‘‘सशक्त लोकतंत्र एवं निर्वाचन साक्षरता’’ के दृष्टिगत जिले में विभिन्न कार्यक्रमों, गतिविधियों के आयोजन सुनिश्चित करने को कहा। राष्ट्रीय मतदाता दिवस के अवसर पर जनपद मुख्यालय, तहसील कार्यालयों, प्रत्येक मतदेय स्थल, शिक्षण संस्थानों, विभिन्न युवा संगठनों, विभागों व सामाजिक संगठनों एवं काॅरपोरेट संस्थानों में विविध सार्वजनिक कार्यक्रमों का आयोजन कर मतदाता दिवस को भव्य रूप से मनाने के निर्देश दिए। मतदान के प्रति लोगों को जागरूक करने के लिए नुक्कड नाटक, बैनर, पोस्टर, स्टीगर तैयार कर व्यापक प्रचार-प्रसार करने को कहा। सभी शिक्षण संस्थाओं में कार्टून प्रतियोगिता एवं उच्च शिक्षण संस्थाओं में नियुक्त कैम्पस एम्बेसडर के माध्यम से भी स्वीप कार्यक्रम का प्रचार प्रसार कराने के निर्देश दिए। राष्ट्रीय मतदाता दिवस पर स्कूली बच्चों के नुक्कड नाटक व सांस्कृतिक कार्यक्रमों के माध्यम से लोगों को मतदान के प्रति जागरूक करने को कहा। उन्होंने कहा कि मतदाता दिवस पर नए वोटरों को वोटर कार्ड भी उपलब्ध दिए जाएंगे। उन्होंने कहा कि कोई भी व्यक्ति अपने बूथ लेवल आॅफिसर या निर्वाचन आयोग की साईट पर जाकर वोटर लिस्ट में अपना नाम चैक कर सकता है। जिनका नाम नही जुड़ा है, वे लोग वोटर लिस्ट में अपना नाम जुडा सकते है।
सीडीओ/उप जिला निर्वाचन अधिकारी ने कहा कि अपने क्षेत्र में अच्छा कार्य करने वाले बीएलओ, सुपरवाईजर, रजिस्ट्रार कानूनगों, सहायक निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी, डाटाएन्ट्री आपरेटरों को भी मतदाता दिवस पर प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया जाएगा। इसके अलावा नए मतदाताओं एवं 100 वर्ष से अधिक आयु के मतदाताओं, दिब्यांग मतदाताओं की सहायता करने वाले महिला व युवक मंगल दल, आशा, आंगनबाडी कार्यकत्री, प्रिंट एवं इलेक्ट्रोनिक मीडिया प्रतिनिधियों को भी मतदातदा दिवस पर सम्मानित करने का निर्णय लिया गया। मतदाता दिवस पर क्रास कन्ट्री दौड व छात्र-छात्राओं द्वारा प्रभात फेरी भी निकाली जाएगी।
स्वीप कार्यक्रम के नोडल अधिकारी डा0 एमएस सजवाण ने बताया कि राष्ट्रीय मतदाता दिवस के अवसर पर जिला मुख्यालय में विद्यालयों के युवा छात्र-छात्राओं को शामिल करते हुए जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया जाएगा तथा प्रतिभागियों को प्रमाण पत्र दिए जाएंगे। आगामी चुनावों में मतदान प्रतिशत बढाने के लिए स्कूली बच्चों, आशा एवं आंगनबाडी वर्कर, बैंक, जिला पंचायत व पूर्ति कार्यालय आदि के सहयोग से व्यापक जन जागरूकता कार्यक्रम आयाजित होंगे। ईवीएम एवं वीवीपैट के प्रशिक्षण के दौरान भी मतदाताओं को वोट देने के लिए प्रेरित किया जाएगा।
इस अवसर पर अपर जिलाधिकारी एमएस बर्निया, पीडी प्रकाश रावत, एसीएमओ डा0 दिनेश चैहान, जिला सैनिक कल्याण अधिकारी कर्नल(अ.प्रा.) बीएस रावत, जिला शिक्षा अधिकारी आशुतोष भण्डारी, जिला क्रीडा अधिकारी गिरीश कुमार, प्रभारी अधिकारी स्वीप योगश धसमाना, सहायक जिला निर्वाचन अधिकारी बीएस रावत आदि उपस्थित थे।

