मुख्यमंत्री धामी ने लैंसडाउन पौड़ी में ₹90 करोड़ की लागत की 15 योजनाओं का शिलान्यास तथा 02 योजनाओं का लोकार्पण किया
पौड़ी । मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी ने लैंसडाउन पौड़ी क्षेत्र के महाविद्यालय पटोटिया नैनीडांडा परिसर में आयोजित कार्यक्रम में करीब ₹90 करोड़ की लागत की 15 योजनाओं का शिलान्यास तथा 02 योजनाओं का लोकार्पण एवं कई विकास योजनाओं की घोषणा की। मुख्यमंत्री ने उत्तराखण्ड पॉवर कारपोरेशन लि. विद्युत वितरण उपखण्ड कार्यालय भवन रिखणीखाल एवं उत्तराखण्ड पॉवर कारपोरेशन लि. विद्युत वितरण खण्ड कार्यालय भवन नैनीडांडा का लोकार्पण भी किया । उन्होंने महाविद्यालय स्थित मंदिर परिसर में माथा टेका और 5 महिलाओं को महालक्ष्मी किट एवं 10 स्वयं सहायता समूह को चेक वितरित किए। उन्होंने कहा कि ताड़केश्वर महादेव की इस पावन भूमि को प्रणाम करता हूं।
मुख्यमंत्री श्री धामी ने इस अवसर पर कोटा पिंजोली मोटर मार्ग, खाल्यूंडांडा-अपोला सड़क और जडाऊखांद-मजेडा बैंड के डामरीकरण और पाणीसैण मोटर मार्ग के निर्माण व डामरीकरण की घोषणा की। उन्होंने कहा कि नैनीडांडा मिनी स्टेडीएम का विस्तारीकरण भी किया जाएगा। उन्होंने कहा कि सीडीएस जनरल रावत का निधन, देश के साथ ही उत्तराखंड के लिए बड़ी क्षति है। प्रदेश ने जनरल से ज्यादा एक अभिभावक को खोया है जो उत्तराखंड के विकास हेतु हमेशा आगे रहते थे। उन्होंने कहा उत्तराखंड का विकास जनरल बिपिन रावत के सपनों के अनुसार हो इस पर हम कार्य करेंगे। उन्होंने कहा कि पौड़ी के प्रत्येक गांव में मूल भूत सुविधाएं पहुंचे इस पर सरकार लगातार कार्य कर रही है। ग्रामोदय से उत्तराखंड उदय की ओर बढ़ रहें हैं। समाज के अंतिम छोर पर खड़े व्यक्ति का विकास हो और उस तक हर योजनाओं का लाभ पहुँचे इस पर हमारी सरकार कार्य कर रही है।
उन्होंने कहा कि पौड़ी जनपद के प्रत्येक गांव को मूलभूत सुविधाओं से नहीं जोड़ देते है। सरकार हर स्तर पर ग्रामोदय से उत्तराखण्ड उदय के मिशन को मजबूत बनाने पर काम कर रही है। कहा कि हमारा एजेंडा तब तक पूरा नहीं होगा, जब तक कि समाज के अंतिम छौर में खड़े व्यक्ति तक विकास नहीं पहुंच जाता है। कहा कि सबसे पहले आशा, आंगनबाड़ी, पुलिस, शिक्षा, ग्राम प्रधान, क्षेत्र पंचायत, त्रिस्तरीय पंचायत में काम करने वाले, जिला पंचायत सभी का मानदेय बढ़ाया है। वहीं नई खेल नीति में सभी प्रावधान किये गये है, जिसमें प्रतिभावान बच्चों के लिए कई सुविधाएं दी गई हैं। कहा कि सरकार का उद्देश्य समाज के हर वर्ग के जीवन को बेहत्तर बनाना है। कहा कि ऊर्जा से भरे युवाओं एवं मातृशक्ति की प्रतिभा का प्रदेश हित में इस्तेमाल करना चाहते हैं, इसके लिए सरकार के अधीन विभागों में खाली पदों को जल्द से जल्द भरने का निर्णय लेने के साथ ही कार्यवाही करना शुरू कर दिया है। पर्यटन के माध्यम से भी रोजगार बढ़ाने के प्रयास किये जा रहे है। वीर चन्द्र सिंह गढ़वाली योजना के तहत 10 लाख से लेकर 25 लाख रूपये सब्सिडी बढ़ाने का काम किया है। होम स्टे को बढ़ावा देने के लिए भी सरकार लगातार काम रही है। बच्चियों के लिए 13 महाविद्यालयों में बालिका छात्रावास बनाने का निर्णय लिया है, जिसमें से पौड़ी के 04 राजकीय महाविद्यालय शामिल हैं। कहा कि वे मा. प्रधानमंत्री के अपेक्षानुरूप वर्ष 2025 तक प्रदेश की स्थापना की रजत जयंती तक देश का सर्वश्रेष्ठ राज्य बनाने के लिए संकल्पबद्ध हैं और इसके लिए दिन रात काम रहे हैं।
कैबिनेट मंत्री बंशीधर भगत ने सरकार की विकास कार्याे की बारे में जानकारी देते मुख्यमंत्री श्री धामी के कार्य शैली की प्रशंसा की। विधायक महंत दिलीप रावत ने सभा को संबोधित करते हुए कहा कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के यहां आने से क्षेत्र की समस्याओं का निराकरण होगा उन्होंने कहा मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में उत्तराखंड का चौमुखी विकास हो रहा है। उन्होंने कहा मुख्यमंत्री द्वारा इस क्षेत्र में 90 करोड़ की योजनाओ के शुभारंभ से क्षेत्र में विकास की नई उम्मीद जगाई है।
इस अवसर पर ब्लॉक प्रमुख नैनीडांडा प्रशांत कुमार, जिलाधिकारी डॉ विजय कुमार जोगदंडे, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक पी रेणुका देवी, सीडीओ प्रशांत आर्य, उपजिलाधिकारी स्म्रता परमार, प्रमोद कुमार, अपर पुलिस अधीक्षक अनूप काला, डीटीडीओ खुशाल सिंह नेगी, डीएसओ के एस कोहली, डीईओ के एस रावत, सीओ पुलिस अनिल जोशी, सैनिक प्रकोष्ट अध्यक्ष नैनीडांडा दीन दयाल भठूला, पार्टी पदाधिकारी जगत किशोर बर्थवाल, जगत प्रसाद शाह, सुमन कोटनाला, बीएल मधवाल सहित जन प्रतिनिधि व ग्रामीण मौजूद रहे थे।

