मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत ने किया टिहरी झील महोत्सव का शुभारंभ

मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत ने किया टिहरी झील महोत्सव का शुभारंभ
Spread the love

टिहरी।टिहरी लेक फेस्टिवल का मंगलवार को मुख्यमंत्री श्री त्रिवेंद्र सिंह रावत ने शुभारंभ करते हुए कहा कि टिहरी में भागीरथी के तट पर अंतरराष्ट्रीय वैदिक विद्यालय की स्थापना की जाएगी। जहां संस्कृत में साथ ही अंग्रेजी का भी ज्ञान दिया जाएगा। मुख्यमंत्री जी ने कहा कि झील किनारे 500 प्रशिक्षणार्थियों को स्कूबा डाइविंग के प्रशिक्षण की व्यवस्था करने के साथ ही लाइट और साउंड शो की शुरुआत की जाएगी। मुख्यमंत्री ने कहा कि पहले कि टिहरी लेक फेस्टिवल अब से हर वर्ष बसंत पंचमी को ही होगा। मुख्यमंत्री जी ने कहा कि चमोली में आई प्राकृतिक आपदा के कारण इस बार महोत्सव को लेकर असमंजस की स्थिति थी परंतु हमने निर्णय लिया कि हम आपदा से भी लड़ेंगे और आगे भी बढ़ेंगे। जिन लोगों ने इस आपदा में अपना जीवन खोया है भगवान उनको श्री चरणों में स्थान दे।

उन्होंने मेले में देव डोलियों की पूजा अर्चना कर आशीर्वाद लिया। इसके बाद कोटी कालोनी में साहसिक खेलों की जानकारी ली। सेना, आईटीबीपी और बीएसएफ के जवान वाटर स्पोर्ट्स में करतब दिखाते रहे। कृषि मंत्री सुबोध उनियाल, उच्च शिक्षा मंत्री धन सिंह रावत भी इस दौरान मौजूद रहे।

इससे पहले टिहरी प्रभारी मंत्री डा. धन सिंह रावत ने कोटी कालोनी में शुरू होने वाले टिहरी झील महोत्सव की तैयारियों का जायजा लिया। उन्होंने कहा झील महोत्सव का उद्देश्य टिहरी को विश्व स्तरीय साहसिक पर्यटन गंतव्य बनाना है। मेले में एडवेंचर गतिविधियों के लिए आईटीबीपी और सेना के जवानों ने पूर्वाभ्यास किया। 

मंत्री डा. धन सिंह रावत ने कहा कि मेला स्थल पर पहाड़ी शैली के घर देखने के लिए  बाहरी क्षेत्रों से बड़ी संख्या में लोगों के पहुंचने की उम्मीद है। वहीं यूथ हॉस्टल एसोसिएशन नई दिल्ली के सहयोग से देश के विभिन्न राज्यों से 14 सदस्य पर्यटकों का दल सोमवार को मॉडल होमस्टे विलेज तिवाड़ गांव पहुंचा। यूथ होस्टल के सीनियर ट्रैकिंग ऑफिसर नवीन चंद्र तिवारी ने बताया कि पर्यटकों ने होटल के  बजाए गांव के वातावरण में रहना पसंद किया। तिवाड़ गांव के नरेंद्र रावत ने बताया कि होमस्टे में रुकने के लिए पर्यटकों की काफी डिमांड आ रही है।

इस  मौके पर डीएम इवा आशीष श्रीवास्तव, ओबीसी आयोग के अध्यक्ष संजय नेगी, भाजपा जिलाध्यक्ष विनोद रतूड़ी, डीसीबी के चेयरमैन सुभाष रमोला, गोविंद  रावत आदि मौजूद थे। 

देवभूमि खबर

Related articles